देवरिया में "रुहानी खुशबू" पुस्तक का हुआ लोकार्पण, सदर विधायक बोले, साहित्य युग की परिस्थितियों का सजीव चित्रण करता है

गणेश धर द्विवेदी

देवरिया में नेता, अभिनेता, विद्वान और गणमान्यों की मौजूदगी में ‘रुहानी खुशबू’ पुस्तक का लोकार्पण हुआ। यह आयोजन भारत वर्ष साहित्य सेवा संस्थान के तत्वावधान में जिला पंचायत सभागार में किया गया। इस दौरान उक्त पुस्तक की रचनाकार अंजली अरोड़ा ने पुस्तक की सार्वभौमिकता का उल्लेख कर उसका चित्रण किया।

इस मौके पर भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद डॉ. रमापति राम त्रिपाठी ने कहा कि साहित्य मानव मन की अभिव्यक्ति होने के साथ समाज का दर्पण भी है। उन्होंने कहा कि पुस्तक लेखन की प्राचीन परंपरा को जीवंत बनाए रखना आवश्यक है और अंजली अरोड़ा ने इस दिशा में सराहनीय प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि साहित्य समाज में व्याप्त कुरीतियों और अंधविश्वासों को दूर करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि लेखन प्रतिभा का सम्मान होना चाहिए।

सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि साहित्य किसी भी युग की परिस्थितियों, जनभावनाओं और सामाजिक सरोकारों का सजीव चित्रण करता है। विधायक ने लेखिका को पुस्तक की रचना के लिए बधाई दी।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। प्रार्थना राय ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम को साहित्यिक गरिमा प्रदान की। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. चितरंजन मिश्र ने की और संचालन साहित्यकार सौदागर सिंह ने किया। इस अवसर पर कार्यक्रम के संयोजक डॉ. राधेश्याम शुक्ला, नगर पालिका अध्यक्ष अलका सिंह, भारत भूषण अरोड़ा, अभिनेता कमलनयन चतुर्वेदी सहित साहित्यकार एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।