केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद एनटीए ने लिया बड़ा फैसला, जांच की जिम्मेदारी सीबीआई को सौंपी गई

सेंट्रल डेस्क, नई दिल्ली

देशभर के लाखों मेडिकल अभ्यर्थियों के लिए बड़ा झटका सामने आया है। मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 को रद्द कर दिया गया है। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी ने पेपर लीक और परीक्षा में कथित गड़बड़ियों के आरोपों के बाद यह फैसला लिया है। 3 मई को आयोजित हुई परीक्षा अब मान्य नहीं रहेगी और इसे दोबारा आयोजित किया जाएगा। इस फैसले के बाद छात्रों और अभिभावकों के बीच चिंता और असमंजस का माहौल बन गया है।

सूत्रों के अनुसार केंद्रीय एजेंसियों से मिले इनपुट और शुरुआती जांच रिपोर्टों के आधार पर केंद्र सरकार ने परीक्षा रद्द करने की मंजूरी दी। इसके बाद राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी ने आधिकारिक रूप से परीक्षा निरस्त करने का निर्णय लिया। एजेंसी का कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए यह कदम जरूरी हो गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्र सरकार ने कथित पेपर लीक और अन्य अनियमितताओं की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो को सौंप दी है। अब सीबीआई पूरे मामले की तह तक जाएगी और यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि पेपर लीक कैसे हुआ, किन लोगों की इसमें भूमिका थी और परीक्षा प्रक्रिया में कहां चूक हुई। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी ने कहा है कि वह जांच एजेंसी को हर जरूरी दस्तावेज, रिकॉर्ड और तकनीकी सहायता उपलब्ध कराएगी।

परीक्षा रद्द होने के बाद सबसे बड़ा सवाल छात्रों के सामने यही था कि क्या उन्हें फिर से आवेदन करना होगा। एजेंसी ने इस पर साफ कर दिया है कि मई 2026 परीक्षा चक्र के दौरान किए गए सभी रजिस्ट्रेशन दोबारा होने वाली परीक्षा के लिए मान्य रहेंगे। छात्रों को फिर से फॉर्म भरने की जरूरत नहीं होगी।

इसके साथ ही अभ्यर्थियों को दोबारा परीक्षा शुल्क भी जमा नहीं करना पड़ेगा। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि पहले जमा की गई फीस और रजिस्ट्रेशन डिटेल अगली परीक्षा में भी लागू रहेंगी। छात्रों द्वारा चुने गए परीक्षा केंद्रों को भी यथावत रखने की तैयारी की जा रही है ताकि उन्हें नई प्रक्रिया से गुजरना न पड़े।

जानकारी यह भी सामने आई है कि शुल्क वापसी को लेकर भी विकल्पों पर विचार किया जा रहा है। परीक्षा को दोबारा आयोजित करने की तैयारी राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी अपने आंतरिक संसाधनों के जरिए करेगी। हालांकि इस संबंध में अंतिम दिशा निर्देश आधिकारिक अधिसूचना के जरिए जारी किए जाएंगे।

अब सभी छात्रों की नजर नई परीक्षा तारीख और एडमिट कार्ड जारी होने के कार्यक्रम पर टिकी है। एजेंसी ने कहा है कि आगे की सभी जानकारी केवल आधिकारिक चैनलों के माध्यम से साझा की जाएगी। छात्रों और अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अफवाहों से बचें और नियमित रूप से आधिकारिक अपडेट पर नजर बनाए रखें।