रोहुआ हाई स्कूल में पढ़ाई कर रही छात्राओं की तबीयत अचानक बिगड़ी। आनन-फानन में सभी को अस्पताल पहुंचाया गया
मुजफ्फरपुर : मुसहरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब हाई स्कूल के निकट नाला निर्माण के लिए जेसीबी से की जा रही खुदाई के दौरान गैस पाइपलाइन फट गई। पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होते ही तेज आवाज हुई और देखते ही देखते आसपास धुएं का गुबार फैल गया। घटना का असर पास स्थित रोहुआ हाई स्कूल तक पहुंचा, जहां पढ़ाई कर रहीं कई छात्राएं अचानक बेहोश होकर गिरने लगीं।
छात्राओं की तबीयत बिगड़ते ही विद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। शिक्षकों ने तत्काल सभी छात्राओं को मुसहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद करीब आधा दर्जन छात्राओं की स्थिति गंभीर बताते हुए उन्हें एसकेएमसीएच रेफर कर दिया। अन्य छात्राओं का इलाज मुसहरी पीएचसी में जारी है।
छात्राओं के एसकेएमसीएच पहुंचते ही इमरजेंसी वार्ड में अफरातफरी का माहौल बन गया। स्थिति संभालने के लिए अस्पताल में आउटसोर्सिंग एजेंसी के सुरक्षा गार्डों के साथ मेडिकल थाना प्रभारी पिंकू कुमार पुलिस बल लेकर पहुंचे। अस्पताल प्रशासन ने सभी छात्राओं को तत्काल चिकित्सकीय निगरानी में लिया और आवश्यक उपचार शुरू कराया।
घटना की सूचना मिलते ही जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमार अरविंद सिन्हा भी विद्यालय के शिक्षकों के साथ एसकेएमसीएच पहुंचे। उन्होंने भर्ती छात्राओं की स्थिति और इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने बताया कि नाले की खुदाई के दौरान अचानक गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से यह घटना हुई। सभी छात्राओं के परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है।
सूचना मिलने के बाद अस्पताल में छात्राओं के परिजनों की भीड़ जुट गई। परिजनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन और सुरक्षा कर्मियों को व्यवस्था संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। अस्पताल प्रबंधक संजय कुमार साह छात्राओं के समुचित इलाज की व्यवस्था में जुटे रहे।
अस्पताल अधीक्षक डॉ महेश प्रसाद ने सभी छात्राओं को आईसीयू में भर्ती कर उपचार शुरू कराया। उन्होंने स्पष्ट किया कि इलाज के लिए जरूरी जांच और दवाएं अस्पताल की ओर से निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। परिजनों को किसी भी जांच या दवा के लिए बाहर जाने की आवश्यकता नहीं है।
एसकेएमसीएच में भर्ती छात्राओं में मुसहरी थाना क्षेत्र के बड़ी कोठिया निवासी सुनील ठाकुर की 15 वर्षीय पुत्री विशाखा कुमारी, सुरेश राम की 16 वर्षीय पुत्री श्रुति शिल्पी, उमेश यादव की 15 वर्षीय पुत्री सरस्वती कुमारी, पप्पू कुमार की 15 वर्षीय पुत्री राखी कुमारी और मोहम्मद अंसार की 15 वर्षीय पुत्री नाहिजा शामिल हैं। इनके अलावा एक अन्य छात्रा को भी एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया है। शेष छात्राओं का इलाज मुसहरी पीएचसी में चल रहा है।
