पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में रेलवे क्रॉसिंग पर शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा हो गया 

कोलकाता : पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक रेल दुर्घटना हुई, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। पूर्व रेलवे के सियालदह मंडल के अंतर्गत बहरमपुर थाना क्षेत्र में कर्णसुबर्ण और गोबिंदपुर रेलवे स्टेशनों के बीच स्थित लेवल क्रॉसिंग पर बच्चों को स्कूल ले जा रहा एक निजी स्कूल वाहन निमतिता-काटोया पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गया। भीषण टक्कर में वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में दो स्कूली छात्रों और एक साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, स्कूल वाहन में चालक समेत कुल आठ लोग सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि वाहन रेलवे फाटक पार कर रहा था, तभी सामने से आ रही ट्रेन ने उसे टक्कर मार दी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ देर पहले अप लाइन से एक ट्रेन गुजरने तक रेलवे फाटक बंद था। उसके बाद फाटक खोल दिया गया, जबकि दूसरी लाइन से भी ट्रेन आ रही थी। लोगों का कहना है कि यदि फाटक बंद रहता तो यह हादसा टल सकता था। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। घटना के बाद रेलवे के गेटमैन की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं।

हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। वाहन में फंसे बच्चों को बाहर निकालकर पहले कर्णसुबर्ण ब्लॉक अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल छात्रों को बेहतर इलाज के लिए मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है, जबकि स्थानीय लोग मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।