- दिल्ली-नोएडा-गुरुग्राम में गर्मी से राहत, कई जगह जलभराव। मौसम विभाग ने दिनभर हल्की बारिश और तेज हवाओं के जताए आसार
नई दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में सोमवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। दिल्ली, नोएडा और साइबर सिटी गुरुग्राम में कई स्थानों पर झमाझम बारिश हुई, जिससे लोगों को चुभन भरी गर्मी और उमस से राहत मिली। सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए रहे और मौसम पूरी तरह बदला हुआ नजर आया।
बारिश का असर राजधानी दिल्ली की यातायात व्यवस्था पर भी देखने को मिला। कई प्रमुख सड़कों और निचले इलाकों में पानी जमा हो गया, जिससे सुबह दफ्तर और अन्य जरूरी कामों के लिए निकले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जलभराव के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई और कई मार्गों पर जाम जैसी स्थिति बन गई।
गुरुग्राम में भी लगातार हो रही बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत तो दी, लेकिन शहर के कई हिस्सों में जलभराव की समस्या बढ़ने लगी है। कई क्षेत्रों में सड़कों पर पानी भर गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इसी तरह लगातार बारिश जारी रही तो जलभराव की स्थिति और गंभीर हो सकती है, जिससे यातायात व्यवस्था पर व्यापक असर पड़ सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में सोमवार को भी गर्मी से राहत बनी रहेगी। विभाग का अनुमान है कि राजधानी के विभिन्न हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके कारण अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे ही रहने की उम्मीद है।
सोमवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं दिन का अधिकतम तापमान 37 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने बताया है कि दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और तेज हवाओं के साथ हल्की वर्षा के कई दौर देखने को मिल सकते हैं।
