गांधीवादी कार्यकर्ता, युवाओं ने सुभाष चौक पर न्याय सत्याग्रह का शुभारंभ कर बुलंद की आवाज

गणेश धर द्विवेदी

ओमान के निकट वाणिज्यिक पोत पर हुए हमले में जान गंवाने वाले दिवंगत शिवानंद चौरसिया के परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर युवा गांधीवादियों ने शुक्रवार को सुभाष चौक पर न्याय सत्याग्रह का शुभारंभ कर अपनी आवाज बुलंद की। आंदोलनकारियों ने ऐलान किया कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलने तक उनका यह संघर्ष जारी रहेगा।

इस दौरान श्रद्धांजलि सभा का आयोजन भी किया गया, जहां गांधीवादी कार्यकर्ताओं, युवाओं और नागरिकों ने स्वर्गीय शिवानंद चौरसिया को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और दिवंगत शिवानंद चौरसिया के परिवार प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए न्याय और उचित सहायता की मांग उठाई।

श्रद्धांजलि सभा में वक्ता रजत सिंह ने कहा कि शिवानंद चौरसिया की मृत्यु केवल एक परिवार की निजी क्षति नहीं, बल्कि पूरे देश की क्षति है। उन्होंने कहा कि विदेश में रहकर अपने परिवार का भरण-पोषण करने वाले एक भारतीय नागरिक की दु:खद मौत ने समाज को झकझोर दिया है। सरकार को इस मामले में संवेदनशीलता दिखाते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाना चाहिए।

युवा गांधीवादियों ने कहा कि जब तक स्वर्गीय शिवानंद चौरसिया के परिवार को न्याय और समुचित सहायता नहीं मिल जाती, तब तक उनका सत्याग्रह और संघर्ष निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने समाज के विभिन्न वर्गों और नागरिकों से इस अभियान में सहयोग करने का आह्वान किया है।

गौर हो कि गत दिनों पूर्व ओमान तट के निकट एक व्यावसायिक पोत पर हुए अमेरिकी हमले में देवरिया जिले के सुरौली गांव निवासी भारतीय नाविक शिवानंद चौरसिया की मृत्यु हो गई थी। पारिवारिकजन के अनुसार करीब सात माह पूर्व वह नौकरी के सिलसिले में घर से गए थे। वह सिंगापुर के एक पोत पर नाविक के पद पर कार्यरत थे। उनका पोत होर्मुज क्षेत्र के निकट से गुजर रहा था तभी हमला हुआ था।