घटना की पुष्टि पारिवारिकजन के साथ-साथ जिला प्रशासन ने भी की है, सुरौली गांव निवासी शिवानंद चौरसिया सिंगापुर के एक पोत पर नाविक के पद पर कार्यरत थे, होर्मुज क्षेत्र के निकट से गुजर रहा था पोत

गणेश धर द्विवेदी

अभी-अभी अमेरिकी हमले से जुड़ी एक बड़ी और दु:खद खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि ओमान तट के निकट एक व्यावसायिक पोत पर हुए अमेरिकी हमले में देवरिया जिले के सुरौली गांव निवासी भारतीय नाविक शिवानंद चौरसिया की मृत्यु हो गई है। यह खबर मिलते ही परिजन चीखने-चिल्लाने लगे, चारों तरफ चीख-पूकार मई गई। पारिवारिकजन बदहवास हो गए। पूरे गांव में शोक व्याप्त हो गया है। इस घटना की पुष्टि पारिवारिकजन के साथ-साथ जिला प्रशासन ने भी की है।

खबर के मुताबिक बताया गया कि जनपद के सुरौली थाना क्षेत्र के सुरौली गांव निवासी शिवानंद चौरसिया दो भाइयों में बड़े थे। पारिवारिकजन के अनुसार करीब सात माह पूर्व वह नौकरी के सिलसिले में घर से गए थे। वह सिंगापुर के एक पोत पर नाविक के पद पर कार्यरत थे। उनका पोत होर्मुज क्षेत्र के निकट से गुजर रहा था तभी हमला हुआ, जिसमें उनकी मृत्यु हो गई।

घटना की सूचना दुबई में कार्यरत उनके छोटे भाई रामप्रवेश चौरसिया को मिली। उन्होंने गुरुवार की सुबह मोबाइल फोन से परिवार को इसकी जानकारी दी। इसके बाद जिला प्रशासन की ओर से भी पारिवारिकजन को इस घटना से अवगत कराया गया है।

घर पर पिता रामजी चौरसिया, माता कलावती देवी, पत्नी सुशीला, पांच वर्षीय पुत्र राजवीर और दो वर्षीय पुत्री वानिका हैं। दोपहर तक घटना की खबर पूरे क्षेत्र में फैल गई। आसपास के गांवों के लोग शोक संवेदना व्यक्त करने उनके घर पहुंचने लगे। तहसील प्रशासन के अधिकारी और पुलिस भी मौके पर पहुंच चुकी है। सभी लोग परिवार के सदस्यों को ढांढस बंधा रहे हैं।