मुंबई जा रहे यात्री ने चेक-इन काउंटर पर दी थी हथियार की जानकारी, जांच के दौरान हुआ हादसा

वाराणसी : वाराणसी हवाई अड्डे पर रविवार सुबह उस समय अचानक अफरातफरी की स्थिति बन गई, जब सुरक्षा जांच के दौरान एक यात्री की लाइसेंसी पिस्तौल से गलती से गोली चल गई। गोली एक वस्तु से टकराकर वापस आई और वहां मौजूद दो जांच कर्मियों को घायल कर दिया। घटना के तुरंत बाद स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया और हवाई अड्डे का संचालन बिना किसी बाधा के जारी रहा।

नागर विमानन मंत्रालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, घटना आज सुबह करीब 9:30 बजे हुई। कमलेश केदारनाथ राय नामक यात्री एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान IX 1810 से वाराणसी से मुंबई जाने वाले थे। उन्होंने निर्धारित प्रक्रिया के तहत चेक-इन काउंटर पर अपने पास मौजूद लाइसेंसी 7.62 मिमी पिस्तौल और 21 जिंदा कारतूस होने की जानकारी दी।

इसके बाद यात्री को आवश्यक सुरक्षा औपचारिकताएं पूरी कराने के लिए निर्धारित जांच क्षेत्र में ले जाया गया। हथियार की जांच और निरीक्षण के दौरान अचानक एक गोली चल गई। गोली किसी वस्तु से टकराने के बाद वापस आई, जिसकी चपेट में जांच कर्मी रोहित राज और सुमन कुमारी आ गए।

दोनों घायल कर्मियों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई गई और इलाज के लिए वाराणसी के न्यू लक्ष्मी ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को भी तत्काल दी गई। पुलिस ने संबंधित यात्री को हिरासत में लेकर जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो बीसीएएस ने भी घटना की जांच शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि हवाई अड्डे पर लाइसेंसी हथियारों को संभालने और ले जाने के लिए निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन किया गया था या नहीं और गोली किन परिस्थितियों में चली। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद स्थिति पर तुरंत काबू पा लिया गया। इसका हवाई अड्डे के सामान्य कामकाज पर कोई असर नहीं पड़ा और उड़ानों का संचालन जारी रहा।