अखिलेश यादव के सौतेले भाई और अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव ने 38 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली
स्टेट ब्यूरो, लखनऊ
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से मंगलवार को बेहद दुखद खबर सामने आई। समाजवादी पार्टी संस्थापक मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव का निधन हो गया। 38 वर्षीय प्रतीक यादव ने लखनऊ के सिविल अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही राजनीतिक गलियारों के साथ-साथ यादव परिवार के समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई।
प्रतीक यादव, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के सौतेले भाई थे और भाजपा नेत्री अपर्णा यादव के पति थे। वह मुलायम सिंह यादव और उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के पुत्र थे। राजनीतिक परिवार से जुड़े होने के बावजूद प्रतीक ने हमेशा खुद को सक्रिय राजनीति से दूर रखा। उनकी पहचान एक बिजनेसमैन और फिटनेस प्रोफेशनल के रूप में थी।
बताया जा रहा है कि प्रतीक यादव ने ब्रिटेन की यूनिवर्सिटी ऑफ लीड्स से शिक्षा हासिल की थी। इसके बाद उन्होंने रियल एस्टेट और फिटनेस सेक्टर में अपना करियर बनाया। लखनऊ में वह ‘द फिटनेस प्लानेट’ नाम से जिम संचालन से भी जुड़े थे। फिटनेस और निजी व्यवसायों में सक्रिय रहने वाले प्रतीक सार्वजनिक राजनीतिक मंचों से आमतौर पर दूरी बनाए रखते थे।
प्रतीक यादव की अचानक मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। शुरुआती जानकारी में मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। हालांकि कुछ रिपोर्टों में जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ताकि मौत की असली वजह का पता लगाया जा सके। मामले की जांच कई पहलुओं से की जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में नेता, करीबी रिश्तेदार और परिचित सिविल अस्पताल पहुंचने लगे। अस्पताल परिसर में भारी भीड़ और गमगीन माहौल देखने को मिला। प्रशासन और पुलिस की टीम भी मौके पर मौजूद रही।
राजनीतिक तौर पर भले ही प्रतीक यादव सक्रिय नहीं थे, लेकिन मुलायम परिवार का हिस्सा होने के कारण उनकी पहचान हमेशा चर्चा में रही। अपर्णा यादव के भाजपा में जाने के बाद भी प्रतीक ने सार्वजनिक रूप से राजनीतिक बयानबाजी से दूरी बनाए रखी थी। उनके निधन की खबर ने प्रदेश की राजनीति में भी शोक का माहौल पैदा कर दिया है।