भारतीय दूतावास ने प्रभावित परिवारों की मदद के लिए हो ची मिन्ह सिटी और हनोई में बनाए कंट्रोल रूम


घूमने और समुद्र की खूबसूरती का आनंद लेने निकले भारतीय पर्यटकों का सफर शनिवार को वियतनाम में भीषण हादसे में बदल गया। फु क्वोक द्वीप के पास भारतीय पर्यटकों को लेकर जा रही एक स्पीडबोट अचानक पलट गई। हादसे में कम से कम 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि 21 लोगों को बचा लिया गया है। बचाए गए लोगों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद समुद्र में लापता लोगों की तलाश और राहत-बचाव अभियान जारी है।

दक्षिणी वियतनाम के अधिकारियों के अनुसार, हादसा शनिवार को फु क्वोक के पास होन मे रुट न्गोईं द्वीप क्षेत्र में हुआ। स्पीडबोट पर कुल 36 लोग सवार थे। इनमें 32 भारतीय पर्यटक और चार क्रू मेंबर शामिल थे। नाव के पलटते ही उसमें सवार लोग समुद्र में जा गिरे और मौके पर अफरातफरी मच गई।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और बचाव दल सक्रिय हो गए। समुद्र में व्यापक खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। अधिकारियों के अनुसार, अब तक 21 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। इनमें दो लोगों की हालत गंभीर है और उनका इलाज किया जा रहा है। हादसे में 15 लोगों की मौत की पुष्टि की गई है। नाव पलटने के बाद पानी में डूबे लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान चलाया गया।

वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास ने भी हादसे की पुष्टि करते हुए घटना पर दुख जताया है। दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी कि फु क्वोक द्वीप के पास कई भारतीय पर्यटकों को लेकर जा रही एक नाव पलट गई है। स्थानीय अधिकारी खोज और बचाव अभियान में जुटे हैं तथा घटना से जुड़ी सटीक जानकारियां एकत्र की जा रही हैं।

भारतीय दूतावास और वियतनाम में मौजूद भारतीय राजनयिक अधिकारी प्रभावित पर्यटकों तथा उनके परिवारों की सहायता के लिए स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हैं। परिवारों को हादसे से जुड़ी जानकारी और जरूरी मदद उपलब्ध कराने के लिए हो ची मिन्ह सिटी स्थित भारत के कॉन्सुलेट जनरल में एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।

हो ची मिन्ह सिटी के कंट्रोल रूम से संपर्क के लिए +84 36 281 7930, +84 91 552 37 14 और +84 33 452 0414 हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। इसके अलावा हनोई में भी एक कंट्रोल रूम बनाया गया है। हनोई कंट्रोल रूम से +84 91 308 9165 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।

भारतीय दूतावास ने कहा है कि हादसे से प्रभावित परिवार किसी भी प्रकार की सहायता या जानकारी के लिए इन हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं। दूतावास ने भरोसा दिलाया है कि वह हर संभव मदद और हादसे से जुड़े सवालों के समाधान के लिए उपलब्ध है। स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर घटना के पूरे विवरण और प्रभावित भारतीय नागरिकों से जुड़ी जानकारियां जुटाई जा रही हैं।