गृह मंत्रालय ने गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) के तहत आतंकवादी घोषित करते हुए उनके नाम चौथी अनुसूची में जोड़ दिए हैं
नई दिल्ली : केंद्र सरकार ने आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई को और सख्त करते हुए गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम, 1967 (UAPA) के तहत 23 व्यक्तियों को आतंकवादी घोषित कर दिया है। गृह मंत्रालय की ओर से जारी राजपत्र (गजट) अधिसूचना के माध्यम से इन सभी के नाम UAPA की चौथी अनुसूची में शामिल किए गए हैं। सरकार का कहना है कि उपलब्ध खुफिया सूचनाओं, रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।
गृह मंत्रालय के अनुसार सूची में शामिल अधिकांश व्यक्ति प्रतिबंधित आतंकी संगठनों लश्कर-ए-तैयबा (LeT) और जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े हैं। इनमें से कई वर्तमान में पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में रहकर भारत विरोधी गतिविधियों को संचालित कर रहे हैं। सरकार का आरोप है कि ये जम्मू-कश्मीर में आतंकवादी घटनाओं को अंजाम देने, युवाओं को बरगलाकर आतंकी संगठनों में भर्ती कराने, हथियारों की तस्करी और आतंकी नेटवर्क को मजबूत करने में सक्रिय रहे हैं।
गृह मंत्रालय की अधिसूचना में मसूद इलियास कश्मीरी, मोहम्मद मुसादिक, मुफ्ती मोहम्मद असगर खान और हाफिज अब्दुल शकूर समेत कई नामों का उल्लेख किया गया है। सरकार का दावा है कि इनका संबंध वर्ष 2016 में नगरोटा स्थित भारतीय सेना के शिविर पर हुए आतंकी हमले और वर्ष 2022 में जम्मू के सुंजवां क्षेत्र में सुरक्षा बलों पर हुए हमले से भी रहा है।
नई सूची में लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े अब्दुल रऊफ और हाफिज खालिद वलीद को भी आतंकवादी घोषित किया गया है। अधिसूचना के अनुसार दोनों को लश्कर प्रमुख हाफिज मोहम्मद सईद का करीबी सहयोगी माना जाता है और वे संगठन की गतिविधियों के संचालन में अहम भूमिका निभाते रहे हैं।
सूची में मोहम्मद शहीद फैसल उर्फ उस्ताद उर्फ जाकिर का नाम भी शामिल है। गृह मंत्रालय के अनुसार उसका स्थायी पता बेंगलुरु (कर्नाटक) है, जबकि वर्तमान में वह पाकिस्तान के रावलपिंडी में रह रहा है। सरकार का आरोप है कि उसके संबंध लश्कर-ए-तैयबा, अल-कायदा और आईएसआईएस से जुड़े मॉड्यूल से रहे हैं। उस पर सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं की भर्ती करने, उन्हें हथियारों का प्रशिक्षण दिलाने और आतंकी गतिविधियों के लिए धन जुटाने का भी आरोप है।
गृह मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि UAPA की धारा 35 के तहत इन व्यक्तियों के नाम चौथी अनुसूची में जोड़े गए हैं। इस कार्रवाई के बाद उनके खिलाफ UAPA के प्रावधानों के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई का आधार और मजबूत हो गया है। यह अधिसूचना गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव राकेश राठी द्वारा जारी की गई है।
आतंकवादी घोषित किए गए 23 व्यक्तियों के नाम
मसूद इलियास कश्मीरी, मोहम्मद मुसादिक, मुफ्ती मोहम्मद असगर खान, हाफिज अब्दुल शकूर, अब्दुल्ला जेहादी, फिरदौस अहमद भट, गुलाम फरीद, बिलाल अहमद मीर, आबिद कयूम लोन, नजीर अहमद गुज्जर, अब्दुल रऊफ, अशफाक अहमद, हाफिज खालिद वलीद, मौलाना सैफुल्लाह खालिद, मोहम्मद याकूब, मौलाना यूसुफ तैबी, ओवैस फरूज, कारी याकूब शेख, राणा इफ्तिखार, वसीम नूर जाट, मोहम्मद शहीद फैसल, मौलाना इमदाद उल्लाह मक्की और हारून रशीद गनई।
