जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने सरकारी भूमि, रास्ते एवं खलिहान पर अवैध कब्जे के मामलों में अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
गणेश धर द्विवेदी
खबर है कि देवरिया में रास्ता व सरकारी भूमि पर कब्जे की मिली शिकायतों की जांच करने खुद जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी मौके पर पहुंचे और वास्तविक स्थिति की पड़ताल की। बताया गया कि जनता दर्शन में ग्राम पिपरा चंद्रभान निवासी यमला सिंह ने सरकारी बंजर एवं रास्ते की भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत डीएम से की थी, जिसके निस्तारण के लिए जिलाधिकारी राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फरियादी ने गाटा संख्या 242 -क की बंजर भूमि तथा गाटा संख्या 242-ख के रास्ते पर अतिक्रमण किए जाने की शिकायत की थी। जांच के दौरान रास्ते की भूमि सहित सरकारी जमीन का सीमांकन कराया गया, जिसमें रास्ता चलायमान स्थिति में पाया गया।
इसी ग्राम में खलिहान की भूमि पर अवैध कब्जे से संबंधित प्रकरण की भी जांच कराई गई। कुछ दिन पहले राजस्व टीम ने भूमि को खाली कराया था तथा इससे संबंधित मुकदमा धारा-122बी के अंतर्गत तहसीलदार न्यायालय में वाद विचाराधीन है। जिलाधिकारी ने न्यायालय में प्रकरण का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
जनता दर्शन के दौरान ही ग्राम सेमरी निवासी मंगरू द्वारा आराजी संख्या 384, जो रास्ते की भूमि है, पर अवैध कब्जा कर आवागमन बाधित किए जाने की शिकायत की गई थी। जिलाधिकारी ने इस प्रकरण में तहसीलदार एवं थाना प्रभारी बघौचघाट को आवश्यक कार्रवाई करते हुए शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। पिपरा चंद्रभान में निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सदर प्रवीण कुमार, तहसीलदार के.के. मिश्र, लेखपाल, कानूनगो, ग्रामवासी एवं फरियादी उपस्थित रहे।
