तरकुलवा के स्कूलों में औचक छापे से मचा हड़कंप, लापरवाह गुरुजी की लगाई क्लास

गणेश धर द्विवेदी 

​विकासखंड तरकुलवा के प्राथमिक विद्यालय खुटहां पटखौली और तरकुलवा में उस समय हड़कंप मच गया, जब जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी अचानक निरीक्षण करने पहुंच गए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी का एक अनूठा अंदाज़ देखने को मिला,वे एक प्रशासनिक अधिकारी का चोला उतारकर सीधे शिक्षक की भूमिका में नजर आए। उन्होंने खुद हाथों में चॉक उठाई और श्याम पट्ट, (ब्लैकबोर्ड)पर बच्चों को पाठ पढ़ाया। डीएम ने बच्चों से सवाल-जवाब कर उनकी शैक्षणिक क्षमता और सीखने के स्तर को परखा, जिस पर बच्चों ने भी बेझिझक सटीक उत्तर देकर दिल जीत लिया।

​हालांकि, क्लासरूम का बाकी माहौल देखकर डीएम साहब का पारा चढ़ गया। विद्यालय में 'निपुण' एवं 'संदर्शिका' का अंकन गायब मिलने और शिक्षण कार्य अपेक्षित मानक के अनुरूप न होने पर जिलाधिकारी ने सख्त नाराजगी जताई। उन्होंने लापरवाह शिक्षकों को दो टूक अल्टीमेटम देते हुए कहा कि बच्चों की पढ़ाई और भविष्य के साथ कोई भी खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

​जिलाधिकारी ने कड़े निर्देश दिए कि संदर्शिका के मानकों के अनुसार नियमित पढ़ाई कराई जाए और उपलब्ध शिक्षण सामग्रियों का सही इस्तेमाल हो। उन्होंने शिक्षकों को समय पर स्कूल आने, परिसर में स्वच्छता बनाए रखने और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने की सख्त हिदायत दी।

​साथ ही, बीईओ तरकुलवा को निर्देश दिया गया कि वे क्षेत्र के स्कूलों की लगातार मॉनिटरिंग करें। डीएम ने साफ कर दिया कि शासन की प्राथमिकता बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना है और इसमें किसी भी स्तर पर ढिलाई मिलने पर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई होगी।