मंडलायुक्त, उप महानिरीक्षक और डीएम-एसपी ने परिजनों से मुलाकात कर व्यक्त की संवेदना, भरोसा जता अधिकारियों ने कहा, दुःख की इस घड़ी में प्रशासन पूरी तरह आपके साथ है

गणेश धर द्विवेदी

ओमान के निकट वाणिज्यिक पोत पर हुए हमले में दिवंगत शिवानंद चौरसिया के पैतृक गांव सुरौली पहुंचकर मंडलायुक्त अनिल ढींगरा, उप महानिरीक्षक गोरखपुर एस. चन्नप्पा, जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी एवं पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने उनकी माता, धर्मपत्नी एवं उपस्थित परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की।

शोकसंतप्त परिवार को अधिकारियों ने सांत्वना दी उन्हें ढाढ़स बंधाया। इस दौरान मंडलायुक्त और जिलाधिकारी ने पारिवारिकजन को हर संभव सहयोग का भरोसा जताते हुए कहा कि इस दुःख की घड़ी में प्रशासन पूरी तरह आपके साथ है।

आपको बता दें के बुधवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दिवंगत शिवानंद चौरसिया के भाई रामप्रवेश चौरसिया से मोबाइल फोन पर बातचीत कर गहरी संवेदना व्यक्त की थी और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में ढांढस बंधाते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिया था।

गौर हो कि गत दिनों पूर्व ओमान तट के निकट एक व्यावसायिक पोत पर हुए अमेरिकी हमले में देवरिया जिले के सुरौली गांव निवासी भारतीय नाविक शिवानंद चौरसिया की मृत्यु हो गई थी। पारिवारिकजन के अनुसार करीब सात माह पूर्व वह नौकरी के सिलसिले में घर से गए थे। वह सिंगापुर के एक पोत पर नाविक के पद पर कार्यरत थे। उनका पोत होर्मुज क्षेत्र के निकट से गुजर रहा था तभी हमला हुआ था।