• अलीगढ़ में रविवार सुबह टला बड़ा हादसा। दोनों पायलट सुरक्षित, जांच में जुटा प्रशासन


अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश) : धनीपुर एयरपोर्ट से रविवार सुबह प्रशिक्षण उड़ान पर निकले एक छोटे विमान में अचानक तकनीकी दिक्कत आने से हड़कंप मच गया। उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद विमान के सिस्टम में खराबी आने पर पायलटों ने तत्काल आपात स्थिति घोषित की और जलाली क्षेत्र के पास सुरक्षित लैंडिंग कराई। राहत की बात यह रही कि विमान में मौजूद दोनों पायलट पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।


जानकारी के अनुसार यह विमान पायनियर कंपनी का ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट था, जिसका इस्तेमाल पायलट प्रशिक्षण के लिए किया जा रहा था। रविवार सुबह करीब 11 बजे विमान ने धनीपुर एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। उड़ान के दौरान अचानक तकनीकी समस्या सामने आने लगी, जिसके बाद पायलटों ने स्थिति को संभालते हुए सूझबूझ से विमान को नीचे उतारने का फैसला लिया।


विमान की इमरजेंसी लैंडिंग की खबर फैलते ही आसपास के इलाके में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीण और राहगीर मौके की ओर दौड़ पड़े। कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि पायलटों की सतर्कता के कारण बड़ा हादसा टल गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंच गई। सिटी मजिस्ट्रेट अतुल गुप्ता ने अधिकारियों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और विमान की स्थिति की जानकारी ली। प्रशासन की ओर से पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।


प्रारंभिक स्तर पर माना जा रहा है कि तकनीकी खराबी की वजह से यह आपात स्थिति बनी। फिलहाल विमान की तकनीकी जांच कराई जा रही है ताकि खराबी की असली वजह सामने आ सके।