• बिहारशरीफ स्थित नालंदा जिला अधिवक्ता संघ परिसर में आयोजित अभिनंदन समारोह में मंत्री श्रवण कुमार और सांसद कौशलेंद्र कुमार का भव्य स्वागत किया गया


नालंदा जिला अधिवक्ता संघ, बिहारशरीफ परिसर गुरुवार को सम्मान और संवाद का केंद्र बना रहा। यहां आयोजित अभिनंदन समारोह में ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार और नालंदा सांसद कौशलेंद्र कुमार शामिल हुए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिवक्ता, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य लोग मौजूद रहे। समारोह के दौरान दोनों अतिथियों का माल्यार्पण, अंगवस्त्र और मोमेंटो देकर स्वागत किया गया।


कार्यक्रम की अध्यक्षता अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार सिंह ने की, जबकि संचालन महासचिव दिनेश कुमार ने किया। इस मौके पर संघ परिसर में अधिवक्ताओं के बैठने के लिए नवनिर्मित हॉल का उद्घाटन मंत्री श्रवण कुमार और सांसद कौशलेंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से किया। बताया गया कि इस हॉल के निर्माण की अनुशंसा सांसद कौशलेंद्र कुमार की ओर से की गई थी।


सभा को संबोधित करते हुए मंत्री श्रवण कुमार ने अधिवक्ताओं की भूमिका को लोकतंत्र की नींव बताया। उन्होंने कहा कि वकील केवल अपने मुवक्किल के लिए नहीं लड़ते, बल्कि न्याय, संविधान और आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करते हैं। उन्होंने कहा कि समाज में न्याय व्यवस्था को मजबूत बनाने में अधिवक्ता संघों की भूमिका हमेशा अहम रही है।


मंत्री ने कहा कि बिहार सरकार ने न्यायपालिका और अधिवक्ताओं के हित में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। उन्होंने बताया कि 1 जनवरी 2024 से नामांकित नए अधिवक्ताओं को तीन वर्षों तक प्रतिमाह पांच हजार रुपये स्टाइपेंड देने की योजना शुरू की गई है। इसके साथ ही बार एसोसिएशनों को ई-लाइब्रेरी के लिए पांच लाख रुपये तक की सहायता और बिहार अधिवक्ता कल्याण न्यास समिति को 30 करोड़ रुपये की मदद दी गई है।


उन्होंने यह भी कहा कि महिला अधिवक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बार एसोसिएशनों में पिंक टॉयलेट का निर्माण कराया जा रहा है। कम आय वाले अधिवक्ताओं को गंभीर बीमारी की स्थिति में मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता कोष से मदद उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की गई है। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में अधिवक्ता संघों और न्याय व्यवस्था से जुड़े लोगों के हितों का विशेष ध्यान रखा जाएगा।


सांसद कौशलेंद्र कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि अधिवक्ता समाज के जागरूक और शिक्षित वर्ग का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने कहा कि वकील समाज को विभिन्न सामाजिक बुराइयों और अन्याय से बचाने का काम करते हैं। सांसद ने अधिवक्ता संघ के साथ अपने लंबे संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि यहां के अधिवक्ता उनके परिवार की तरह हैं और हर सुख-दुख में उनका साथ मिलता रहा है।


अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों ने भी मंत्री और सांसद के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि जब भी अधिवक्ता संघ के सामने कोई समस्या आती है, दोनों जनप्रतिनिधि हमेशा सहयोग के लिए आगे रहते हैं। कार्यक्रम में कई वरिष्ठ अधिवक्ताओं, लोक अभियोजकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और जदयू विधि प्रकोष्ठ से जुड़े पदाधिकारियों सहित सैकड़ों अधिवक्ता मौजूद रहे।