केंद्र सरकार के उपक्रम की पहल से स्थानीय महिलाओं को मिला नया अवसर, 121 महिलाओं को बीपीओ और डेटा एंट्री कार्यों का दिया गया प्रशिक्षण
रांची : केंद्र सरकार के उपक्रम सोशल एनर्जी कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया ने स्थानीय महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम के तहत चार बैचों में कुल 121 महिलाओं को बीपीओ क्षेत्र में ग्राहक सेवा प्रतिनिधि (कस्टमर सर्विस एग्जीक्यूटिव) और घरेलू डेटा एंट्री ऑपरेटर के रूप में प्रशिक्षण दिया गया।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप कौशल प्रदान कर उन्हें रोजगार योग्य बनाना है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को ग्राहक सेवा, डेटा एंट्री, कंप्यूटर संचालन, संचार कौशल, व्यक्तित्व विकास, डिजिटल साक्षरता तथा कार्यालयीन व्यवहार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के परिणामस्वरूप अब तक 88 महिलाओं को इंट्रैक्ट डॉट एआई, अयुडा सॉल्यूशंस और निम्बस जैसी कंपनियों में रोजगार प्राप्त हुआ है। उल्लेखनीय है कि नौकरी पाने वाली अधिकांश महिलाएं पहली बार औपचारिक रोजगार क्षेत्र से जुड़ी हैं।
प्रशिक्षण के बाद आत्मनिर्भर बनी ये महिलाएं घरेलू जिम्मेदारियों के साथ-साथ पेशेवर दायित्वों का भी सफलतापूर्वक निर्वहन कर रही हैं और अपने परिवार की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली कई महिलाओं ने बताया कि इस कार्यक्रम ने उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। जहां पहले वे रोजगार के अवसरों से वंचित थीं, वहीं आज वे आत्मविश्वास के साथ कार्यस्थलों पर अपनी जिम्मेदारियां निभा रही हैं और अपने परिवार के भविष्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
