"2027 में होने वाले यूपी विधानसभा चुनाव के लिए चुनावी मैदान तैयार करने में जुटी सुभासपा, राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव डॉ. अरविंद राजभर ने कहा-पार्टी सदैव समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के सम्मान, अधिकार एवं भागीदारी के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी"
स्टेट ब्यूरो, लखनऊ
एनडीए की सहयोगी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष और योगी सरकार में पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर वर्ष 2027 में होने वाले यूपी विधानसभा चुनाव के लिए चुनावी मैदान तैयार करने में जुट गए हैं। पिछले करीब तीन महीने पूर्वांचल के जिलों में रैली और बड़े रानीतिक कार्यक्रमों के जरिए अपनी मजबूत स्थिति दर्ज करा रहें हैं।
इसकी एक बानगी रविवार को जनपद संतकबीर नगर में देखने को मिला। खलीलाबाद विधानसभा स्थित जूनियर हाई स्कूल मैदान में पार्टी की आयोजित “सामाजिक समरसता महारैली” में भारी भीड़ ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बना दिया।
रैली को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव एवं पूर्व मंत्री डॉ. अरविंद राजभर ने कहा कि सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी सदैव समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के सम्मान, अधिकार एवं भागीदारी के लिए संघर्षरत रही है और आगे भी समाजहित में निरंतर कार्य करती रहेगी।
सामाजिक समरसता महारैली में भारी भीड़ देखकर गदगद राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।