अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल ने पार्टी पदाधिकारियों को पहले चरण में प्रदेश के 26 जिलों की समीक्षा का दिया टास्क, 5 मंडलों में प्रभारी नियुक्त
प्रयागराज। यूपी 2027 के विधानसभा चुनाव के मुहाने पर खड़ा है। दलों ने अपनी जमीनी पकड़ को लेकर चिंतन-मंथन का दौर शुरू कर दिया है। एनडीए का सहयोगी अपना दल (एस) ने पार्टी-संगठन के ग्राउंड कनेक्शन की मजबूत पकड़ के लिए चरणवार मंडल समीक्षा शुरू कर दी है। पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने पार्टी पदाधिकारियों को पहले चरण में प्रदेश के 26 जिलों की समीक्षा का टास्क दिया है। इसे पूरा करने के लिए मंडल प्रभारी नियुक्त किए गए हैं, जो अपने-अपने मंडल के सभी जिलों में प्रवास करेंगे और जिलेवार पार्टी-संगठन की जमीन पड़ताल कर समीक्षा करेंगे। इसके बाद विस्तृत रिपोर्ट बनाकर प्रार्टी प्रमुख को सौपेंगे। इस रिपोर्ट में पार्टी-संगठन की जिले से लेकर बूथ स्तर तक की स्थिति का आंकलन होगा।
पहले चरण की समीक्षा जिन 5 मंडलों की 26 जिलों होनी है, उसमें वाराणसी, अयोध्या, देवीपाटन, प्रयागराज और लखनऊ मंडल का नाम शामिल है। इसमें वारणासी मंडल की जवाबदेही पूर्व सांसद पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव नागेंद्र प्रताप सिंह, अयोध्या मंडल की जिम्मेदारी पूर्व विधायक राष्ट्रीय महासचिव डॉ. जमुना प्रसाद सरोज को सौंपी गई है। इसी तरह देवीपाटन मंडल की जिम्मेदारी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव के. के. पटेल और प्रयागराज की जवाबदेही पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आर. पी. जाटव व राष्ट्रीय सचिव विनोद गंगवार को दी गई है। लखनऊ मंडल की जिम्मेदारी पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री रामलखन पटेल को मिली है।
प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय सचिव ने टटोला पार्टी-संगठन के ग्राउंड कनेक्शन की नब्ज
अपनी तय जवाबदेही के तहत गुरुवार को गंगापार प्रयागराज की समीक्षा करने के लिए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आर. पी. जाटव व राष्ट्रीय सचिव विनोद गंगवार प्रयागराज पहुंचे। यहां इन्होंने पार्टी-संगठन के ग्राउंड कनेक्शन की नब्ज को टटोली। सर्किट हाउस में आयोजित इस समीक्षा बैठक में जिला अध्यक्ष भानु प्रताप पटेल ने जिले से लेकर बूथ स्तर तक के सांगठनिक ढ़ाचें का व्यौरा प्रस्तुत किया। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय सचिव ने पार्टी पदाधिकारियों से मुखातिब होकर सीधा संवाद किया। बताया गया कि बूथ मजबूती से ही विधायक और सांसद बनते हैं, इसलिए जहां भी हम कमजोर हों वहां अपना-अपना बूथ मजबूत कर लें।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, जब हम बूथ जीतेंगे तब हर जगह हमारा विधायक और सांसद होगा
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता प्रत्येक गांवों में जाएं और बूथ स्तर पर चौपाल बैठक का आयोजन कर राष्ट्रीय अध्यक्ष के द्वारा किए गए कार्यों और पार्टी की विचारधारा को बताने का कार्य करें। प्रत्येक बूथ पर ज्यादा से ज्यादा लोगों को पार्टी से जोड़ने का कार्य करें और हर घर झंडा अभियान के तहत घरों पर पार्टी का झंडा लगवाने का कार्य करें। कहा कि इससे हर गांव में पार्टी का झंडा दिखाई देने लगेगा। जब हम प्रत्येक बूथ को जीतेंगे तब निश्चित तौर पर हर जगह हमारा विधायक और सांसद होगा। राष्ट्रीय सचिव ने कहा कि अपना दल का पहला विधायक भी बिना किसी गठबंधन के ही जीते थे। इसलिए आप सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता एक दूसरे का सहयोग करते हुए पार्टी को मजबूतती प्रदान करने का कार्य करें।
बैठक में राष्ट्रीय सलाहकार जवाहरलाल पटेल, ब्लाक प्रमुख सैदाबाद राजेन्द्र सिंह पटेल, श्यामराज पटेल, शिवमूरत पटेल, दुर्गा प्रसाद पटेल, रविनंदन यादव, आदित्य पासी, अम्माद हसन, डीपी पटेल, राम सिंह पटेल, प्रवीण तिवारी, भारत सिंह, असलम सिद्दीकी, रामशीला पटेल, प्रीतम पटेल, अशोक कुमार, वीरेंद्र कुमार, आशीष कुमार, राजेन्द्र सिंह पटेल सहित पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक की शुरूआत महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण करने के बाद हुई।
