देवरिया। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ नई दिल्ली में पुलिस कार्रवाई के विरोध में बुधवार को जिला कांग्रेसियों ने जिलाध्यक्ष विजय शेखर मल्ल 'रोशन' के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ता टाउन हॉल स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय से जुलूस निकालकर सुभाष चौक और सिविल लाइंस होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृहमंत्री और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। उनका आरोप था कि छात्रों के मुद्दे, पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था की अनियमितताओं को उठाने वाले विपक्ष के नेता के साथ पुलिस कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।

जिलाध्यक्ष विजय शेखर मल्ल 'रोशन' ने कहा कि कांग्रेस शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली और युवाओं के भविष्य की सुरक्षा के लिए लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित होता है, इसलिए सरकार को जवाबदेह बनते हुए प्रभावी कदम उठाने चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष को शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है।

प्रदर्शन के बाद कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में किसानों को समय पर पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने, खाद वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने तथा स्मार्ट मीटर से जुड़ी उपभोक्ताओं की शिकायतों के समाधान सहित बिजली उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की गई।

इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष बिस्मिल्लाह लारी, मुकुंद भास्कर मणि, डॉ. धर्मेंद्र पाण्डेय, नौशाद खान, शहर अध्यक्ष मिर्जा खुर्शीद अहमद सहित जिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई एवं विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।