राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन ने संसद भवन में नवनिर्वाचित और पुनर्निर्वाचित सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई
नई दिल्ली : राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन ने सोमवार को संसद भवन में कर्नाटक से पुनर्निर्वाचित राज्यसभा सदस्य एवं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। मल्लिकार्जुन खरगे ने हिंदी भाषा में शपथ ग्रहण की। इस अवसर पर राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, सदन के नेता एवं केंद्रीय स्वास्थ्य, परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, विधि एवं न्याय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, सूचना एवं प्रसारण तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री एल. मुरुगन, राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी, जयराम रमेश, मुकुल वासनिक, डॉ. सैयद नसीर हुसैन, लोकसभा सांसद प्रियंका गांधी, के.सी. वेणुगोपाल, राज्यसभा के महासचिव पी.सी. मोदी तथा सचिवालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
इसी क्रम में राज्यसभा के सभापति ने सात अन्य नवनिर्वाचित और पुनर्निर्वाचित सदस्यों को भी शपथ दिलाई। इनमें मानसिंह मेरामन परमार, तरुण चुघ, डॉ. अलका सिंह, जितेंद्र मेघजीभाई कंजारिया, राजेंद्र हीरालाल जैन, एम. नागराजा तथा अधिकारीमायुम शारदा देवी शामिल हैं।
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान चार सदस्यों ने हिंदी, एक सदस्य ने कन्नड़, एक ने पंजाबी और एक सदस्य ने मणिपुरी भाषा में शपथ ग्रहण की। इन सदस्यों में गुजरात से दो जबकि कर्नाटक, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, मणिपुर और राजस्थान से एक-एक सदस्य राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए हैं।
सात सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह में भी राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, सदन के नेता एवं केंद्रीय स्वास्थ्य, परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, विधि एवं न्याय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, राज्यसभा सदस्य जयराम रमेश और प्रफुल्ल पटेल सहित राज्यसभा के महासचिव पी.सी. मोदी तथा सचिवालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
