राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु प्रदान करेंगी पुरस्कार, प्रत्येक विजेता को मिलेंगे 15 लाख रुपये। भू साहसिक अभियान के लिए बलजीत कौर और स्कालज़ैंग रिगज़िन का चयन
नई दिल्ली : दुर्गम पहाड़ों से लेकर चुनौतीपूर्ण जल अभियानों तक साहस, धैर्य और जोखिम उठाने की क्षमता का परिचय देने वाले चार साहसियों को देश के प्रतिष्ठित तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय ने बुधवार को वर्ष 2024 के पुरस्कारों की घोषणा कर दी। भू साहसिक अभियान के लिए बलजीत कौर और स्कालज़ैंग रिगज़िन, जल साहसिक अभियान के लिए रिमो साहा तथा आजीवन उपलब्धि के लिए शिव प्रसाद चमोली को चुना गया है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाले समारोह में राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 के साथ तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार 2024 भी प्रदान करेंगी। पुरस्कार समारोह की तिथि की घोषणा बाद में की जाएगी। प्रत्येक विजेता को एक प्रतिमा, प्रमाणपत्र और 15 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
खेल मंत्रालय के अनुसार, तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार चार श्रेणियों भू, जल, वायु साहसिक अभियान और आजीवन उपलब्धि के लिए दिए जाते हैं। इस बार घोषित विजेताओं में वायु साहसिक अभियान श्रेणी में किसी नाम का उल्लेख नहीं किया गया है।
विजेताओं का चयन राष्ट्रीय चयन समिति की संस्तुतियों के आधार पर किया गया है। समिति ने प्राप्त नामांकनों का मूल्यांकन और गहन समीक्षा करने के बाद राष्ट्रीय सम्मान के लिए नामों की अनुशंसा की।
तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार का उद्देश्य केवल असाधारण साहसिक उपलब्धियों को सम्मानित करना नहीं, बल्कि युवाओं में साहस, सहनशीलता, अनुशासन, जोखिम उठाने की क्षमता और टीम भावना को बढ़ावा देना भी है। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में तेजी से सही और प्रभावी निर्णय लेने की क्षमता को भी पुरस्कार के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल किया गया है।
मंत्रालय का मानना है कि इस सम्मान के माध्यम से देशभर के युवाओं को साहसिक गतिविधियों में भाग लेने की प्रेरणा मिलती है। साथ ही उनमें दृढ़ता, साहस और उत्कृष्टता हासिल करने की संस्कृति को प्रोत्साहन मिलता है।