“यूपी में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर घेराबंदी शुरू, पाल समाज को अपने वोट की ताकत समझनी पड़ेगी”
UP Politics : यूपी में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर घेराबंदी शुरू कर दी गई है। समाज की एकजुटा और उनके वोट के अधिकार को बताकर सजग करने का कार्यक्रम तेज हो गया। यह बताने की कोशिश शुरू हो गई है कि समाज को अपने वोट की ताकत समझनी पड़ेगी। जब तक हम संगठित नहीं होंगे, तब तक हम अपने हक और अधिकारों से वंचित रहेंगे। यह बातें होने लगी हैं।
अपना दल (एस) के राष्ट्रीय सलाहकार एवं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड उत्तर प्रदेश के सदस्य राजेंद्र प्रसाद पाल ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती के बहाने प्रदेश के पाल समाज को एकजुट होने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि समाज को अपने पूर्वजों को सम्मान देना पड़ेगा। जब हम अपने बड़े बुजुर्गों का सम्मान करेंगे, तभी दूसरे समाज के लोग भी हमारे पूर्वजों का सम्मान करेंगे। यह बात उन्होंने पिछले दिनों अखिल विश्व पाल क्षत्रिय महासभा के तत्वावधान में जौनपुर के लतीफपुर शाहगंज में आयोजित एक कार्यकम में बतौर मुख्य अतिथि कही।
उन्होंने समाज के लोगों को उनके मत के मूल्य यानी वोट की ताकत को विस्तार से समझाया। कहा कि जो कीमत एक राजा,एक मंत्री, एक विधायक, सांसद, प्रधानमंत्री के मत यानी वोट की है, वही कीमत एक सामान्य नागरिक के मत की भी है। आज की लड़ाई तलवार से नहीं बल्कि आज की लड़ाई कलम की लड़ाई है, आज की लड़ाई मतदान की लड़ाई है। हमारे समाज के बच्चे पढ़ लिखकर जितना आगे बढ़ेंगे और राजनीतिक रूप से हम सभी जितना अधिक जागरूक होंगे, हमारा समाज उतना ही आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि आने वाला चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है, इसलिए समाज हित को ध्यान में रखते हुए अपने वोट की ताकत को समझना होगा।
इस कार्यक्रम में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष हौसिला प्रसाद पाल ने कहा कि लोक माता का जीवन संघर्षों से भरा रहा, फिर भी उन्होंने जिस साहस और धैर्य के साथ कार्य किया, वह समाज के लिए अनुकरणीय है। अब समय आ गया है कि समाज जागरूक हो जाए। संगठन के महासचिव सुरेंद्र पाल, जिला अध्यक्ष महेंद्र पाल, अवध राजपाल, विधिक सलाहकार एडवोकेट सुरेंद्र पाल, प्रांतीय कोषाध्यक्ष सत्यजीत पाल ने कहा कि जब तक हम संगठित नहीं होंगे, तब तक हम अपने हक और अधिकारों से वंचित रहेंगे।
इस कार्यक्रम में श्रीप्रकाश पाल, डॉक्टर अरविंद पाल, रतिकांत पाल ने भी अपनी बात रखी। इस अवसर पर समाज के मेधावी बच्चों को लोकमाता के तस्वीर और उपहार देकर उनका हौसला बढ़ाया गया। कार्यक्रम मं इंद्रपाल, योगेंद्र पाल, प्रमोद पाल, सुरेश पाल, कृपा शंकर पाल, सुरेंद्र पाल एडवोकेट ने महति भूमिका निभाई।
