गणेश धर द्विवेदी
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए यातायात पुलिस ने बुधवार को शहर और प्रमुख मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चले अभियान में नो-पार्किंग और तेज गति से वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की गई।
रोडवेज बस स्टैंड पर सड़क पर अनाधिकृत रूप से खड़ी अनुबंधित बसों, ऑटो रिक्शा और ई-रिक्शा के खिलाफ एमवी एक्ट के तहत चालान और सीज की कार्रवाई की गई। वहीं गोरखपुर ओवरब्रिज पर सड़क पर वाहन खड़ा कर सवारी बैठाने और उतारने वाले वाहनों के चालान किए गए।


जलकल रोड, न्यू कॉलोनी और साकेत नगर क्षेत्र में भी सड़क पर अनाधिकृत रूप से वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ नो-पार्किंग में कार्रवाई की गई। पुलिस ने वाहन चालकों को सड़क पर वाहन खड़ा कर यातायात बाधित नहीं करने की हिदायत दी।
देवरिया-सलेमपुर मार्ग तथा सोनूघाट-सलेमपुर मार्ग पर दुर्घटना बाहुल्य स्थानों को चिन्हित कर इंटरसेप्टर वाहन और स्पीड लेजर गन से वाहनों की गति की निगरानी की गई। निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ भी एमवी एक्ट के तहत चालान किया गया।
यातायात पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान कुल 226 वाहनों का चालान किया गया, जबकि चार वाहनों को सीज किया गया। पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थल का प्रयोग करने, गति सीमा का पालन करने और यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित सफर सुनिश्चित करें।

