30 से ज्यादा घायल, श्रद्धालुओं से भरी पिकअप को बस ने मारी टक्कर, कई वाहन भी चपेट में आए

बिहार : कटिहार जिले से सड़क हादसे की बड़ी खबर सामने आ रही है, जिसमें 13 लोगों की मौत होने की बात कही जा रही है। बताया जा रहा है कि शनिवार शाम कोढ़ा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर दादपुर और बसगारा चौक के बीच हुए भयावह सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। इस दुर्घटना में 13 लोगों की मौके पर और इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि 32 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार और अफरातफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, पूर्णिया से भागलपुर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रही पिकअप वैन से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप पूरी तरह चकनाचूर हो गई। हादसे की चपेट में एक स्कॉर्पियो और तीन मोटरसाइकिल भी आ गईं, जिससे नुकसान और बढ़ गया।

पिकअप वाहन में बड़ी संख्या में लोग सवार थे, जो झारखंड के दुमका स्थित भोगनाडीह से पूजा-अर्चना कर अपने गांव लौट रहे थे। अधिकांश मृतक पूर्णिया जिले के सुहवा गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। इस हादसे में एक बाइक सवार सदानंद मुर्मू की भी मौत हो गई, जो अपने घर लौट रहे थे।

घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से कई की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बड़े चिकित्सा केंद्रों में रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान तीन और लोगों ने दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ गई।

घटना की सूचना मिलते ही जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पोस्टमार्टम हाउस के बाहर परिजनों की भारी भीड़ जमा हो गई, जहां अपने प्रियजनों को खोने का गम साफ दिखाई दे रहा था। प्रशासन ने स्थिति को संभालने के लिए लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।

जिला प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की है, जबकि घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग और पुलिस के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे और राहत कार्यों की निगरानी करते रहे।

घटना पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है और मुआवजे के निर्देश दिए हैं। वहीं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी इस हादसे को बेहद दर्दनाक बताते हुए शोक जताया।

पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने भी घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह हादसा कई परिवारों के लिए असहनीय पीड़ा लेकर आया है। उन्होंने प्रशासन से हादसे की जांच कर पीड़ितों को हरसंभव मदद देने की मांग की है। सांसद ने अपने प्रतिनिधियों को अस्पताल भेजकर घायलों के इलाज की व्यवस्था पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं।

कटिहार का यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की अनदेखी पर सवाल खड़े कर रहा है। तेज रफ्तार और लापरवाही ने जिस तरह से इतने बड़े नुकसान को जन्म दिया है, उसने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है।