बोकारो डीटीओ कार्यालय के औचक निरीक्षण में खुली कई पोल-पट्टी, परिहवन सचिव राजीव रंजन ने कहा, बदहाल व्यवस्था पर होगी कार्रवाई, व्यवस्था में सुधार को लेकर विभाग गंभीर है
कौस्तुभ कुमार मलयज
झारखंड सरकार के परिवहन विभाग के सचिव राजीव रंजन ने जिला परिवहन कार्यालय बोकारो का औचक निरीक्षण किया तो कई पोल-पट्टी खुल गई। यहां बदहाल व्यवस्था को देखकर नाराजगी जताई और कहा कि इसके लिए जिम्मेदार और जवाबदेह लागें के खिलाफ कार्रवाई होगी। कार्यालय के कर्मियों से विभिन्न कार्यों की जानकारी ली और कार्यप्रणाली की समीक्षा की। इसके बाद उन्होंने डीसी अजय नाथ झा से मुलाकात कर परिवहन व्यवस्था और विभागीय योजनाओं की चर्चा की।
सर्किट हाउस में मीडिया से रूबरू परिवहन सचिव ने बताया कि राज्य सरकार परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, पारदर्शी और जनोन्मुख बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। जिला परिवहन कार्यालय में कई क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता है। इस संबंध में संबंधित अधिकारियों व कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बोकारो में ट्रांसपोर्ट नगर एवं आधुनिक बस स्टैंड विकसित करने की दिशा में सकारात्मक पहल करने का सेकेत दिया है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं कमजोर वर्ग के लोगों व विद्यालय जाने वाले बच्चों को निःशुल्क गांव से शहर तक सुरक्षित एवं सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है। इसके लिए रूट निर्धारण एवं रूट फाइनल जिला से करके विभाग को भेजा जाता है। जिसके बाद रूट फाइनल कर बस ऑपरेटरों के साथ समन्वय स्थापित कर योजना का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाएगा। इस योजना के तहत वाहनों की मॉनिटरिंग जीपीएस ट्रैकर के माध्यम से की जाएगी। सरकार द्वारा निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप सब्सिडी का भुगतान डीटीओ के माध्यम से किया जाएगा।
परिवहन सचिव ने बताया कि राज्य के प्रमुख जिलों में चरणबद्ध तरीके से 4 से 5 ईवी बसों का संचालन प्रारंभ किया जाएगा। इसके लिए विभाग 40 से 50 ईलेक्ट्रिक बसों की खरीद की दिशा में कार्य कर रहा है। झारखंड को पूर्वी भारत में इलेक्ट्रिक व्हीकल क्षेत्र का महत्वपूर्ण राज्य बनाने की दिशा में विभाग कार्य कर रहा है। इसके लिए पूरे राज्य में आवश्यकता अनुसार चार्जिंग स्टेशन एवं अन्य आधारभूत संरचनाओं का विकास किया जाएगा।
परिवहन सचिव ने बताया कि राजस्व संग्रहण बढ़ाने के उद्देश्य से सभी जिलों को माहवार लक्ष्य निर्धारित कर दिए गए हैं। लक्ष्य की प्राप्ति के लिए जिला परिवहन पदाधिकारी और संबंधित टीमों को नियमित जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। इसकी मॉनिटरिंग उपायुक्त स्तर से नियमित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा विभाग की प्राथमिकता है। हाल ही, में चंदनकियारी में हुई सड़क दुर्घटना में दंपति की मृत्यु एवं तीन बच्चों के अनाथ होने की घटना पर संवेदना व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि प्रभावित बच्चों को “हिट एंड रन योजना के तहत मुआवजा राशि उपलब्ध कराई जाएगी। परिवहन सचिव ने कहा कि विभाग अधिकांश सेवाओं को ऑनलाइन करने की दिशा में कार्य कर रहा है। आने वाले समय में सूचना प्रौद्योगिकी आधारित फेसलेस इंटरवेंशन व्यवस्था लागू की जाएगी, ताकि आम लोगों को पारदर्शी एवं सरल सेवाएं उपलब्ध हो सकें। मौके पर उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह उपस्थित थे।