'आदर्श आचार संहिता' लागू, दोनों नगर समितियों के लिए 21 नवंबर, 2026 होगा मतदान
जम्मू-कश्मीर। लद्दाख के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) राहुल शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में लेह और करगिल की नगर समितियों के आगामी आम चुनावों के कार्यक्रम की घोषणा की। उन्होंने बताया कि दोनों नगर समितियों के लिए मतदान 21 नवंबर, 2026 (शनिवार) को होगा, जबकि पूरी चुनाव प्रक्रिया 30 नवंबर, 2026 तक पूरी होनी है। उन्होंने बताया कि 'आदर्श आचार संहिता' तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है और यह चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक लागू रहेगी। सभी राजनीतिक दलों, चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों और सक्षम प्राधिकारी द्वारा समय-समय पर जारी निर्देशों का सख्ती से पालन करें।
उन्होंने बताया कि ये चुनाव 'जम्मू और कश्मीर नगर अधिनियम, 2000' और 'जम्मू और कश्मीर नगर समिति (चुनाव) नियम, 2003' के प्रावधानों के अनुसार कराए जाएंगे। लोकतांत्रिक संस्थाओं के महत्व पर जोर देते हुए सभी पात्र मतदाताओं से चुनाव प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि मजबूत लोकतांत्रिक संस्थाएं ही एक जीवंत लोकतंत्र का आधार होती हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि लेह नगर समिति के 21 वार्डों और करगिल नगर समिति के 17 वार्डों के लिए मतदाता सूची (इलेक्टोरल रोल) को संशोधित करने की प्रक्रिया पूरी की गई है। मतदाता सूची का मसौदा 5 अक्टूबर, 2026 को प्रकाशित किया गया था, जिसके लिए 1 अक्टूबर, 2026 को अर्हता तिथि (क्वालिफाइंग डेट) माना गया। दावे और आपत्तियां प्राप्त होने के बाद, मतदाता सूची में आवश्यक सुधार (नाम जोड़ना या हटाना) किए गए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि दोनों नगर समितियों के लिए अंतिम मतदाता सूची 22 अक्टूबर, 2026 को प्रकाशित कर दी गई है। उन्होंने बताया कि इस अंतिम सूची में लेह नगर समिति के लिए 2,720 मतदाता और करगिल नगर समिति के लिए 645 मतदाता शामिल हैं। बताया कि कोई भी पात्र व्यक्ति, जिसे कोई दावा या आपत्ति हो, वह 'जम्मू और कश्मीर नगर समिति (चुनाव) नियम, 2003' के लागू प्रावधानों के तहत उचित समाधान प्राप्त कर सकता है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के घोषित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, लेह और करगिल की नगर समितियों के चुनावों के लिए अधिसूचना 29 अक्टूबर, 2026 को जारी की जाएगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 5 नवंबर, 2026 है, जिसके बाद 6 नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) की जाएगी। उम्मीदवारी वापस लेने, चुनाव चिह्न आवंटित करने और चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की सूची प्रकाशित करने की अंतिम तिथि 9 नवंबर, 2026 है।
