पीलीभीत के चार विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूचियों की जांच कराने की उठाई आवाज, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग

 गणेश धर द्विवेदी

टाउन हॉल स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित प्रेसवार्ता में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के पर्यवेक्षक एवं पूर्व विधायक अनिल भारद्वाज ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं और वोट चोरी की शिकायतें लोकतांत्रिक व्यवस्था की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा सुनिश्चित करना चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है।

अनिल भारद्वाज ने कहा कि उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों पर आगामी चुनाव से पहले मतदाता सूचियों का निष्पक्ष और पारदर्शी होना बेहद जरूरी है। उन्होंने आशंका जताई कि SIR प्रक्रिया के दौरान पात्र मतदाताओं के नाम गलत तरीके से हटाए जाने से गरीब, दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक और प्रवासी मजदूर जैसे वर्ग प्रभावित हो सकते हैं। उन्होंने चुनाव आयोग के आंकड़ों के आधार पर देश में 10 करोड़ से अधिक नागरिकों के मताधिकार पर संभावित खतरे की आशंका भी जताई।

उन्होंने पीलीभीत के पीलीभीत, बरखेड़ा, पूरनपुर और बीसलपुर विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूचियों की गहन जांच कराने की मांग की। साथ ही गलत तरीके से नाम जोड़ने या हटाने की शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराकर कार्रवाई का विवरण सार्वजनिक करने की बात कही। उन्होंने पूरे प्रदेश की मतदाता सूचियों का पारदर्शी सत्यापन कराने पर भी जोर दिया।

बताया कि SIR की विवादित प्रक्रिया तत्काल रद्द करने, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से इस्तीफा देने और मतदाताओं के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई है। उन्होंने फॉर्म-6 और फॉर्म-7 के कथित दुरुपयोग की जांच तथा दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के जरिए कांग्रेस मताधिकार की सुरक्षा के लिए आवाज उठाती रहेगी। इस दौरा कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय शेखर मल्ल ‘रोशन’, पूर्व प्रत्याशी मुकुंद भास्कर मणि, जिला प्रवक्ता संजीव कुमार मिश्रा और शहर अध्यक्ष मिर्जा खुर्शीद अहमद उपस्थित रहे।