गणेश धर द्विवेदी

अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बनकटा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सोहनपुर बाइपास पर चेकिंग के दौरान एक मारुति सुजुकी वैगनार से हरियाणा निर्मित अवैध अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद की। मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद शराब की कुल मात्रा 407.4 लीटर बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक देवरिया अभिजित आर. शंकर के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी मनोज कुमार के पर्यवेक्षण में बनकटा पुलिस संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर सोहनपुर बाइपास पर वैगनार संख्या UP52BM0678 को रोककर तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान वाहन में छिपाकर रखी गई रॉयल ग्रीन ब्रांड की 750 एमएल की 76 बोतल, 375 एमएल की 752 बोतल और 180 एमएल की 80 बोतलें मिलीं। इसके अलावा ब्लेंडर्स प्राइड की 750 एमएल की 30 बोतल तथा मास्टर ब्लेंडर्स की 750 एमएल की 42 बोतल बरामद हुईं। कुल मिलाकर 980 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

पुलिस ने मौके से बिहार के सिवान जिले के बसन्तपुर थाना क्षेत्र निवासी मुन्ना ठाकुर और विशाल कुमार कुशवाहा,को गिरफ्तार किया। पूछताछ में शराब को बिहार ले जाने की बात सामने आई।

बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 2.65 लाख रुपये, जबकि वैगनार की अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये बताई गई है। मामले में थाना बनकटा में मुकदमा अपराध संख्या 212/26 के तहत धारा 60, 63 और 72 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मौर्य सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।