कार्यक्रम में ‘एक पौधा मां के नाम’ लगाने का लिया गया संकल्प
गणेश धर द्विवेदी
‘रुहानी खुशबू’ गजल संग्रह के विमोचन समारोह के बाद भारत वर्ष साहित्य सेवा संस्थान की ओर से दूसरा साहित्यिक कार्यक्रम गतदिनों भुजौली कॉलोनी स्थित संस्थान के कार्यालय में आयोजित किया गया। मां सरस्वती की साधना को समर्पित काव्य गोष्ठी में शहर के वरिष्ठ साहित्यकारों और कवि-कवयित्रियों ने अपनी रचनाओं की प्रस्तुति से साहित्यिक वातावरण को जीवंत कर दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर के वरिष्ठ साहित्यकार एवं पूर्व प्राचार्य डॉ. दिवाकर प्रसाद तिवारी ने की, जबकि संचालन वरिष्ठ कवि सौदागर सिंह ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना से हुआ, जिसकी प्रस्तुति भारत वर्ष साहित्य सेवा संस्थान की संस्थापक एवं गजलकार अंजलि अरोड़ा ‘खुशबू’ ने की। इसके बाद कवयित्री प्रार्थना राय ने सुमधुर स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
काव्य गोष्ठी में डॉ. शकुंतला दीक्षित, दुर्गा पांडेय, पार्वती गौरा, सीमा नयन, रानी दुर्गावती, कीर्ति त्रिपाठी, प्रार्थना राय, क्षमा श्रीवास्तव और प्रीति पांडेय ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं। वहीं कवि सरोज कुमार पांडेय, इंद्र कुमार दीक्षित, दयाशंकर कुशवाहा, आशुतोष त्रिपाठी, प्रवीण मणि त्रिपाठी, सौदागर सिंह, भारत भूषण अरोड़ा ‘जज्बाती’ तथा साहित्य सेवा से जुड़े व्यवसायी कवि संजय कानोड़िया ने भी काव्य पाठ किया।
कार्यक्रम में भाजपा नेता एवं जिला संयोजक तथा पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष डॉ. राधेश्याम शुक्ला, दिव्या शुक्ला, सुयश शुक्ला और संस्थान के संयोजक आकाश अरोड़ा सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन पर ‘एक पौधा मां के नाम’ लगाने का संकल्प लिया गया। संस्थान की ओर से सभी कवि-कवयित्रियों को पौधे भेंट किए गए। साथ ही कुछ गणमान्य सदस्यों को सम्मानित भी किया गया। साहित्य, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकारों के संदेश के साथ काव्य गोष्ठी का समापन हुआ।
