बाबूलाल मरांडी का दो टूक, कहा-पार्लियामेंट में चुप, झारखंड में MMDR एक्ट पर झूठे प्रचार से जनता को गुमराह करना बंद करे हेमंत सरकार 

कौस्तुभ कुमार मलयज

झारखंड राज्य के बोकारो में राज्य के प्रथम मुख्यमंत्री सह प्रतिपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने सोमवार को हेमंत सरकार की घेराबंदी की। अपने दो टूक बयान में कहा कि हेमंत सरकार पार्लियामेंट में चुप्पी साध कर झारखंड में MMDR एक्ट पर झूठे प्रचार कर जनता को गुमराह करना बंद करे। कहा कि इससे कोई फायदा नहीं होने वाला है। कहा कि कानून के प्रावधानों को सही तरीके से जनता के सामने रखने के बजाय राज्य सरकार राजनीतिक भ्रम फैलाने में लगी है।

मीडिया से बातचीत में बाबूलाल मरांडी ने कहा कि केंद्र सरकार के कानून को लेकर झारखंड की जनता को डराने और भ्रमित करने की कोशिश की जा रही है। यदि सरकार को वास्तव में राज्य के खनिज राजस्व और रोजगार की चिंता है, तो उसे अपनी खनिज नीति, बंद पड़ी खदानों और खनन व्यवस्था की स्थिति पर भी जनता को जवाब देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि “कागज पर प्रचार करने और जमीन पर काम करने में फर्क होता है। हेमंत सरकार को विज्ञापनों और राजनीतिक बयानबाजी के बजाय आंकड़ों और उपलब्धियों के साथ जनता के सामने आना चाहिए।”

मरांडी ने सवाल उठाया कि यदि MMDR एक्ट ही झारखंड की सारी समस्याओं की वजह है, तो राज्य सरकार अपनी खनन नीति और प्रशासनिक व्यवस्था की कमियों पर चर्चा क्यों नहीं करती? उन्होंने कहा कि केंद्र के कानून को लेकर “झूठे नैरेटिव” के सहारे अपनी जिम्मेदारियों से बचने की कोशिश नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि MMDR संशोधन को लेकर उनका स्पष्ट मत है कि जनता को कानून की वास्तविक धाराओं और उसके प्रभाव की तथ्यात्मक जानकारी दी जानी चाहिए, न कि राजनीतिक फायदे के लिए भ्रम फैलाया जाए। अगस्त में भी मरांडी ने कहा था कि राज्यों को मिलने वाले खनिज राजस्व में पिछले वर्षों में वृद्धि हुई है और JMM-कांग्रेस के विरोध को उन्होंने राजनीतिक मुद्दा बनाने का आरोप लगाया था।

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि हेमंत सरकार पहले तथ्य सामने रखे, फिर प्रचार करे। जनता अब विज्ञापन नहीं, हिसाब चाहती है। झूठे प्रचार से सच्चाई नहीं बदलती और राजनीतिक शोर से सरकार की जिम्मेदारी खत्म नहीं होती। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि MMDR एक्ट के संबंध में कानून की वास्तविक स्थिति, राज्य के राजस्व पर प्रभाव और खनन क्षेत्र में रोजगार एवं उद्योग पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव का पूरा तथ्य सार्वजनिक किया जाए। टाटा से गिरिडीह जाने के क्रम में बोकारो जिला भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र राज के नेतृत्व में भव्य स्वागत व अभिनंदन किया गया।