परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगा विरोध दर्ज कराया तो संस्थान के कर्मचारियों ने मारा-पीटा
गणेश धर द्विवेदी
यूपी के जनपद देवरिया से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बताया यह जा रहा है कि इलाज में कथित लापरवाही की भेंट चढ़ गई तीन माह की मासूम बच्ची। यह घटना किसी छोटे अस्पताल की नहीं है, बल्कि जिला मुख्यालय पर स्थापित सरकारी एक बड़े संस्थान में घटी है। वह सरकारी बड़ा संस्थान महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज है, जहां एक मासूम बच्ची की जान चली गई। परिजनों का आरोप है कि समय पर इलाज न मिलने बच्ची ने दम तोड़ दिया। और तो और जब परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर विरोध दर्ज कराया तो, संस्थान के कर्मचारियों ने लामबंद होकर परिजनों को घेर कर मारा-पीटा भी। इस शर्मनाक घटना की सूचना पर पहुंची सदर कोतवाली की पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली पुलिस के मुताबिक मृतक बच्ची के परिजनों ने तहरीर दी है। इसकी जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बताया गया कि जनपद के बघौचघाट थाना क्षेत्र के पकहा निवासी रोहित पटेल की तीन माह की बेटी आइसा उर्फ लाडो की बुधवार की रात में अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिवार के सदस्य उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। जहां इमरजेंसी से पी आईसीयू वॉर्ड तक पहुंचने के लिए कर्मचारियों ने उन्हें कई काउंटरों पर दौड़ाया, जिससे बच्ची के इलाज में देरी हुई। बच्ची की हालत गंभीर देख साथ में मौजूद दुर्गेश ने तत्काल इलाज की मांग की। इस दौरान कुछ कर्मचारियों से कहासुनी हो गई, हंगामें के बीच बच्ची को समय पर उपचार नहीं मिल पाया और उसकी जान चली गई।
घटना के बाद परिजन सदर कोतवाली क्षेत्र के भगवान चौराहा स्थित अपने घर चले आए और पुलिस को सूचना देकर, इलाज में लापरवाही करने वाले व मारपीट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की हे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद विधिक कारवाई की जाएगी। कोतवाल राकेश राय ने पुष्टि किया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच कर उचित कारवाई की जाएगी।