चाकू लेकर पहुंचे संदिग्ध को सुरक्षाकर्मियों ने दबोचा, प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हुई घटना से मचा हड़कंप

नई दिल्ली। पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव के दिल्ली स्थित सरकारी आवास पर रविवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्रेस वार्ता के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति चाकू लेकर परिसर में पहुंच गया। सतर्क सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे मौके पर ही काबू कर लिया और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद बरामद चाकू की तस्वीरें और वीडियो भी सामने आए हैं। पुलिस ने संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वह व्यक्ति किस उद्देश्य से सांसद के आवास तक पहुंचा और उसके पीछे कोई साजिश थी या नहीं। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरे घटनाक्रम की सभी पहलुओं से जांच कर रही हैं।

घटना के बाद पप्पू यादव ने दावा किया कि उन पर जानलेवा हमला करने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि उन्हें लगातार धमकियां मिल रही थीं और शनिवार की घटना उसी कड़ी का हिस्सा प्रतीत होती है। उनका कहना है कि सुरक्षाकर्मियों की तत्परता के कारण बड़ी अनहोनी टल गई और संदिग्ध को तुरंत पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। हाल के दिनों में पप्पू यादव अपने एक संसदीय प्रदर्शन को लेकर भी चर्चा में रहे हैं। संसद के मानसून सत्र के दौरान उन्होंने अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावे से जुड़े मुद्दे पर सरकार का विरोध करने के लिए प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया था। इस दौरान वे पुजारी के वेश में नजर आए और विपक्षी सांसदों के साथ मिलकर एक नाटकीय प्रस्तुति दी, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए।

इस प्रदर्शन के बाद कई साधु-संतों और सनातन धर्म से जुड़े संगठनों ने कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने इसे धार्मिक भावनाओं के विपरीत बताते हुए पप्पू यादव की लोकसभा सदस्यता समाप्त करने की मांग की। भारतीय जनता पार्टी ने भी इस प्रदर्शन को करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का अपमान बताया।

वाराणसी में इस मामले को लेकर दर्ज एफआईआर पर प्रतिक्रिया देते हुए पप्पू यादव ने कहा था कि भगवा वस्त्र पहनना किसी एक वर्ग का अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि धार्मिक आस्था के नाम पर हो रही कथित अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाने की वजह से कानूनी कार्रवाई होती है तो वे उससे पीछे हटने वाले नहीं हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वे अपने विचारों के लिए हर तरह की चुनौती का सामना करने को तैयार हैं।