सितंबर तक नगर पंचायत कार्यालय का निर्माण पूरा कराने का निर्देश, ठेकेदार को एफआईआर की चेतावनी

गणेश धर द्विवेदी

जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने सोमवार को निर्माणाधीन नगर पंचायत कार्यालय बरियारपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण कार्य में हो रहे विलंब पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था और ठेकेदार को सितंबर माह के अंत तक प्रत्येक दशा में निर्माण कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा नहीं होने पर संबंधित के विरुद्ध विधिक कार्रवाई के साथ ही एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और अब तक पूर्ण किए गए कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से परियोजना की वर्तमान स्थिति के बारे में विस्तार से पूछताछ की। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्माण कार्य में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूरा कराने के लिए आवश्यक संसाधन और श्रमिक बढ़ाने के निर्देश दिए।

नगर पंचायत कार्यालय बरियारपुर का निर्माण कार्य दो करोड़ 35 लाख रुपये की लागत से कराया जा रहा है। परियोजना का शुभारंभ जून 2025 में हुआ था और इसे जून 2026 तक पूर्ण किया जाना निर्धारित था। निर्धारित समय सीमा बीतने के लगभग चार माह बाद भी निर्माण कार्य पूरा नहीं होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्य की नियमित निगरानी करने तथा निर्माण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

जिलाधिजिलाधिकारी ने ठेकेदार और कार्यदायी संस्था को चेतावनी देते हुए कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था सीएमडीएस, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी (डीएसटीओ) सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।