कार्यकर्ताओं ने हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर सरकार विरोधी नारे लगाए
गणेश धर द्विवेदी
समाजवादी युवजन सभा के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जिलाध्यक्ष रणवीर यादव के नेतृत्व में शहर के सुभाष चौक पर विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अयोध्या राममंदिर चंदाचोरी के दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने, प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों को बंद न करने, कानून व्यवस्था में सुधार, महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार पर रोक लगाने की मांग उठाई। कार्यकर्ताओं ने हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर सरकार विरोधी नारे लगाए।
धरने को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष रणवीर यादव ने कहा कि भाजपा सरकार अयोध्या राममंदिर में हुए चंदाचोरी के आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार देशवासियों की आस्था के साथ खिलवाड़ कर रही है। प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों को बंद करने की नीति से गरीब और वंचित वर्ग के बच्चों की शिक्षा प्रभावित होगी।
