महिला व्यापार मंडल देवरिया की बैठक में लघु उद्योगों के प्रशिक्षण और संगठन के विस्तार पर जोर
गणेश धर द्विवेदी
व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष मंटू बाबू जायसवाल ने कहा कि महिला समाज का उत्थान और विकास ही व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश का प्रमुख उद्देश्य है। आज महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं और देश व समाज की सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि महिला व्यापार मंडल के माध्यम से महिलाओं को विभिन्न प्रकार के लघु उद्योगों के लिए जागरूक और प्रशिक्षित किया जा रहा है, जो सराहनीय पहल है।
मौका था महिला व्यापार मंडल देवरिया की बैठक का, जो सोमवार को बरहज रोड स्थित एक मैरेज हाल में आयोजित थी। बैठक में महिलाओं को स्वावलंबी बनाने, उन्हें लघु उद्योगों के प्रति जागरूक करने और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर जोर दिया गया। यहां व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष जनसेवक मंटू बाबू जायसवाल बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। प्रदेश महासचिव ऋषिकेश, प्रदेश उपाध्यक्ष राधेश्याम, आनंद, वीरेंद्र तथा राजकुमार उर्फ राजू विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता महिला व्यापार मंडल देवरिया की जिलाध्यक्ष विभा पांडेय ने की, जबकि संचालन आशा ने किया।
इस दौरान जिलाध्यक्ष विभा पांडेय ने कहा कि व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। संगठन के माध्यम से महिलाओं के मान-सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के साथ ही उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि देवरिया जनपद में महिला व्यापार मंडल का विस्तार तेजी से हो रहा है। महिलाओं को विभिन्न प्रकार की कारीगरी का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। उन्होंने जनपद की महिलाओं से संगठन से जुड़ने और आवश्यकता पड़ने पर सहयोग लेने की अपील की। इस बैठक में संतोष बर्नवाल, डॉ. शैलेन्द्र जायसवाल, दिनेश जायसवाल, संजय, संजीव, शम्भू जायसवाल सहित अन्य पदाधिकारी सहित सैकड़ों महिलाएं उपस्थित रहीं।
