पुलिस ने मॉर्निंग वॉकर्स से संवाद कर बुजुर्गों को सुरक्षा का आश्वासन दिया और बालिकाओं को हेल्पलाइन की जानकारी दी
गणेश धर द्विवेदी
पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देश पर मंगलवार को जनपद में “गुड मॉर्निंग देवरिया” एवं “एंटी रोमियो चेकिंग” अभियान चलाया गया। अभियान के तहत पुलिस टीमों ने सुबह के समय पार्कों, स्टेडियमों, प्रमुख मार्गों, विद्यालयों, मंदिरों और शिवालयों के आसपास सक्रिय रहकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस की इस पहल का उद्देश्य आमजन में सुरक्षा की भावना बढ़ाने के साथ ही महिला एवं बालिका सुरक्षा को मजबूत करना रहा।
अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिसकर्मियों ने पार्कों और सड़क किनारे मॉर्निंग वॉक कर रहे महिला-पुरुष नागरिकों से सीधा संवाद किया। पुलिस ने उनकी समस्याएं और सुझाव सुने तथा सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। प्रमुख पार्कों एवं मार्गों पर पुलिस बल की मौजूदगी और ड्यूटी का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए गए।

इसी क्रम में पुलिस टीमों ने बुजुर्ग नागरिकों से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्हें हरसंभव सहायता, सम्मान और सुरक्षा का आश्वासन दिया गया। पुलिस की इस पहल से बुजुर्गों में सुरक्षा का विश्वास मजबूत हुआ।
अभियान के दौरान सार्वजनिक एवं संवेदनशील स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग की गई। पुलिस टीमों ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों को आवश्यक हिदायत दी और नियमानुसार कार्रवाई की।

वहीं, एंटी रोमियो टीमों ने विद्यालय एवं कोचिंग जाने वाली बालिकाओं से संवाद कर उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। बालिकाओं को 1090 महिला हेल्पलाइन और 112 आपातकालीन सेवा सहित महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। पुलिस ने किसी भी समस्या या असुरक्षा की स्थिति में तत्काल सहायता लेने की अपील की।
पुलिस के अनुसार, “गुड मॉर्निंग देवरिया” अभियान जनसंवाद, सतर्कता और सुरक्षा के माध्यम से पुलिस-जन विश्वास को मजबूत करने की दिशा में निरंतर जारी रहेगा।़
