कैश काजी की अर्धशतकीय पारी, अमित यादव ने 21 गेंदों में ठोके 53 रन, गेंदबाजों ने राणा क्रिकेट क्लब की पूरी टीम को 63 रनों पर समेटा, 175 रनों के बड़े अंतर से दी करारी शिकस्त

गणेश धर द्विवेदी

स्वर्गीय सुरेश प्रसाद अंडर-19 क्रिकेट प्रतियोगिता में देवरिया क्रिकेट क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राणा क्रिकेट क्लब को 175 रनों के बड़े अंतर से करारी शिकस्त दी। 30 ओवरों के इस मुकाबले में देवरिया की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर 238 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। जवाब में राणा क्रिकेट क्लब की पूरी टीम 63 रनों पर सिमट गई।

मुकाबले में देवरिया क्रिकेट क्लब के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम की ओर से कैश काजी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 65 गेंदों पर 79 रनों की आकर्षक पारी खेली। वहीं अमित यादव ने महज 21 गेंदों में 53 रन ठोककर विपक्षी गेंदबाजों की मुश्किलें बढ़ा दीं। रणवीर ठाकुर ने 16 गेंदों पर 34 रन और गोलू यादव ने 18 गेंदों पर 26 रनों का योगदान दिया। इन दमदार पारियों की बदौलत देवरिया ने 238 रन बनाए।

राणा क्रिकेट क्लब की ओर से अनूप कुशवाहा ने छह ओवर में 50 रन देकर तीन विकेट झटके। आदित्य कुशवाहा ने छह ओवर में 39 रन देकर तीन विकेट हासिल किए, जबकि अमन पटेल को दो विकेट मिले।

239 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राणा क्रिकेट क्लब की टीम देवरिया के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। पूरी टीम 30 ओवर के भीतर 63 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। अभिनव साह ने 13 और आदित्य कुशवाहा ने 12 रन बनाए। देवरिया की ओर से सनी यादव ने तीन तथा रवि राजभर ने दो विकेट चटकाए। अमित यादव और अक्षय शाही को एक-एक सफलता मिली।

मैच में शानदार बल्लेबाजी के लिए अमित यादव को मैन ऑफ द मैच चुना गया। मुकाबले के मुख्य अतिथि वरिष्ठ क्रिकेट खिलाड़ी संदीप गुप्ता रहे। इस दौरान अतुल वर्मा, अभिषेक रावत, आसिफ अली, राहुल तिवारी, परशुराम शुक्ला, विनय गुप्ता, राहुल सिंह और धीरज पटेल सहित कई वरिष्ठ खिलाड़ी मौजूद रहे। जिला क्रिकेट एसोसिएशन के कोच नीरज बाजपेयी ने बताया कि प्रतियोगिता का अगला मुकाबला 24 नवंबर को देवरिया क्रिकेट क्लब और स्पोर्ट्स स्टेडियम देवरिया के बीच खेला जाएगा।