मौके पर ही तीन मामलों का निस्तारण, वर्ष 2016 से अटकी विवेचनाओं की हुई समीक्षा, लापरवाही बरतने वाले विवेचकों को समयबद्ध निस्तारण की सख्त हिदायत

गणेश धर द्विवेदी

अपराध नियंत्रण और लंबित मुकदमों के निस्तारण को लेकर देवरिया पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। रविवार को अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आनंद कुमार पाण्डेय ने थाना कोतवाली पहुंचकर अर्दली रूम के वर्षों से लंबित विवेचनाओं की एक-एक कर समीक्षा की। इस दौरान वर्ष 2016 से अब तक आंशिक रूप से लंबित कुल 51 विवेचनाएं सामने आईं। एएसपी ने संबंधित विवेचकों से मामलों की प्रगति और अब तक हुई कार्रवाई का ब्योरा तलब करते हुए शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के कड़े निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान ही तीन विवेचनाओं का मौके पर निस्तारण भी कराया गया।

पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के दौरान एएसपी ने पुरानी विवेचनाओं को विशेष रूप से निशाने पर रखा। उन्होंने विवेचकों से लंबित मामलों में आ रही बाधाओं की जानकारी ली और साक्ष्य संकलन तथा विधिक प्रक्रिया से जुड़ी औपचारिकताएं समय से पूरी करने को कहा। स्पष्ट किया कि विवेचनाओं को अनावश्यक रूप से लंबित रखना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अर्दली रूम में थाना प्रभारी समेत सभी उपनिरीक्षक और विवेचक अपनी केस डायरी एवं विवेचना रजिस्टर के साथ मौजूद रहे। हेड मोहर्रिर और क्राइम मुंशी ने अपराध रजिस्टर प्रस्तुत किया। एएसपी ने अपराध रजिस्टर और अन्य पुलिस अभिलेखों की भी पड़ताल की तथा उन्हें नियमित रूप से अद्यतन रखने की हिदायत दी।

इस दौरान आईजीआरएस और जनसुनवाई पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा हुई। एएसपी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने साफ कहा कि लंबित विवेचनाओं और जनशिकायतों में लापरवाही या अनावश्यक देरी करने वालों के प्रति सख्त रुख अपनाया जाएगा।