मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत भव्य आयोजन में 166 हिंदू और 12 मुस्लिम जोड़े परिणय सूत्र में बंधे, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और पूर्व सांसद, डॉ. रमापति राम त्रिपाठी ने नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद
गणेश धर द्विवेदी
देवरिया जनपद के रामपुर कारखाना क्षेत्र के कुशहरी महोत्सव प्रांगण में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इसमें 178 जोड़ों ने वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत की। खास बात यह रही कि समारोह में 166 हिंदू और 12 मुस्लिम जोड़ों का विवाह उनकी धार्मिक परंपराओं और रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया गया। एक ही परिसर में विभिन्न समुदायों के जोड़ों के विवाह ने सामाजिक समरसता और आपसी सौहार्द का संदेश दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान मंत्री सूर्य प्रताप शाही तथा पूर्व सांसद डॉ. रमापति राम त्रिपाठी मौजूद रहे। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद, समृद्ध और सफल वैवाहिक जीवन की कामना की।

