एनसीसी से लेकर मेडिकल टीम तक ने किया मॉक ड्रिल, ब्लैक आउट का अभ्यास कर सुरक्षा एजेंसियों ने जांची मुस्तैदी, आपसी समन्वय और त्वरित कार्रवाई का दिया संदेश

 गणेश धर द्विवेदी

किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में जनसुरक्षा सुनिश्चित करने और संकट के समय त्वरित कार्रवाई की तैयारियों को परखने के लिए रविवार को पुलिस लाइन देवरिया में व्यापक स्तर पर इमरजेंसी मॉक ड्रिल एवं ब्लैक आउट का अभ्यास किया गया। पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में आयोजित इस अभ्यास में एनसीसी दल, फायर सर्विस, सिविल डिफेंस, मेडिकल यूनिट और विभिन्न प्रशासनिक विभागों की टीमों ने हिस्सा लिया।

मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में विभिन्न सुरक्षा एवं राहत एजेंसियों की कार्यक्षमता, तत्परता और आपसी समन्वय को मजबूत करना रहा। अभ्यास के दौरान संबंधित विभागों ने निर्धारित जिम्मेदारियों के अनुरूप कार्रवाई का अभ्यास किया। साथ ही ब्लैक आउट की स्थिति में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और संभावित संकट से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारियों का परीक्षण किया गया।

पूरी कार्यवाही अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पाण्डेय और अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह के निर्देशन में संपन्न हुई। अधिकारियों ने अभ्यास के दौरान विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल, त्वरित प्रतिक्रिया और अनुशासित कार्यप्रणाली के महत्व पर जोर दिया।

इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), क्षेत्राधिकारी लाइन, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, अपर उपजिलाधिकारी (नागरिक सुरक्षा), प्रतिसार निरीक्षक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

देवरिया पुलिस की इस पहल का उद्देश्य केवल अभ्यास तक सीमित नहीं, बल्कि किसी भी अप्रत्याशित आपात स्थिति में पुलिस, प्रशासन, अग्निशमन, स्वास्थ्य एवं नागरिक सुरक्षा से जुड़ी टीमों को एक साथ प्रभावी ढंग से काम करने के लिए तैयार रखना है। ऐसे अभ्यासों से संकट के समय संसाधनों के बेहतर उपयोग और जनसामान्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलती है।