आयोजक इकाई झारखण्ड जर्नलिस्ट एसोसिएशन के जिला पदाधिकारियों ने तैयारी का लिया जायजा

कौस्तुभ कुमार मलयज

रामगढ़/ पतरातू (झारखंड) की भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ BSPS की झारखंड राज्य इकाई झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन JJA के तत्वावधान में पतरातू स्थित अलेक्सा रिसोर्ट में आयोजित होने वाली एक दिवसीय कार्यशाला को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। कार्यक्रम को भव्य और सफल बनाने के उद्देश्य से रविवार को संघ के संस्थापक शाहनवाज हसन ने स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यशाला की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा करते हुए रामगढ़ जिला अध्यक्ष खालिद अनवर एवं रांची जिला अध्यक्ष पंकज सिंह को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह कार्यशाला पत्रकारों के हित, उनके अधिकारों एवं समसामयिक चुनौतियों पर सार्थक चर्चा का मंच बनेगी, इसलिए आयोजन में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।

कार्यक्रम स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है, जहां आधुनिक सुविधाओं के साथ-साथ प्रतिभागियों के बैठने, संवाद एवं विचार-विमर्श के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। आयोजन समिति द्वारा अतिथियों के स्वागत से लेकर भोजन एवं तकनीकी प्रबंधन तक हर पहलू पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। देश भर के 22 राज्यों एवं पड़ोसी देश नेपाल से पतरातु पहुंचने वाले पत्रकारों के लिए पतरातु झील में नौका विहार में भी नाव की व्यवस्था की जा रही है।

संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि इस कार्यशाला में देश एवं विदेश से कई पत्रकार शामिल होंगे साथ ही झारखंड के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पत्रकार शामिल होंगे, जिससे यह आयोजन न केवल ज्ञानवर्धक बल्कि संगठनात्मक मजबूती का भी महत्वपूर्ण अवसर साबित होगा।

सांसद मनीष जायसवाल को दिया गया आमंत्रण

झारखण्ड जर्नलिस्ट एसोसिएशन का प्रतिनिधि मंडल हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल से मुलाकात कर उन्हें मजदूर दिवस के अवसर पर पत्रकारों के राष्ट्रीय सम्मेलन हेतु आमंत्रित किया। सांसद मनीष जायसवाल ने जेजेए के निमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए हर संभव सहयोग की बात कही। राष्ट्रीय कार्यकारिणी सह प्रदेश सम्मेलन का निमंत्रण देने वालों में प्रमुख रूप से हजारीबाग जिला अध्यक्ष कृष्णा गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष अर्जुन सोनी, रामगढ़ जिला अध्यक्ष खालिद अनवर, अंकित सिंह, राजू राठौर, इन्तेकाब आलम, मजीद आलम एवं अन्य पत्रकार साथी शामिल थे।