घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके में हाई अलर्ट जारी कर अपराधियों की तलाश में सघन छापेमारी


मुजफ्फरपुर : जिले के मीनापुर प्रखंड अंतर्गत सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र के डेरा चौक स्थित हनुमान मंदिर में शनिवार को अपराधियों ने एक पुस्तक व्यवसायी की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान राम कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।

जानकारी के अनुसार राम कुमार प्रतिदिन अपनी दुकान खोलने से पहले डेरा चौक स्थित हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना करने जाते थे। शनिवार को भी वह रोज की तरह मंदिर पहुंचे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गंभीर रूप से घायल राम कुमार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

स्थानीय लोगों के अनुसार राम कुमार का एक भूमि विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि शनिवार को उन्हें इसी मामले में न्यायालय जाना था। प्रारंभिक आशंका है कि इसी विवाद को लेकर अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया। हालांकि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

घटना की सूचना मिलते ही सिवाईपट्टी थाना पुलिस और जिले के वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी। वारदात के बाद पूरे इलाके में हाई अलर्ट घोषित कर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए सघन वाहन जांच और छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के सभी संभावित कारणों की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।