डीएम और एसपी ने जेल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

गणेश धर द्विवेदी

देवरिया डीएम मधुसूदन हुल्गी और एसपी अभिजीत आर. शंकर ने जिला कारागार का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। बैरकों की जांच कराई गई, लेकिन आपत्तिजनक सामान नहीं मिला। साथ ही बैरकों की साफ-सफाई और बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं को देखा और समझा।

शनिवार जिला जेल पहुंचे जिले के दोनों जिम्मेदार अफसरों ने संयुक्त रूप से जेल परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान बंदियों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। इसके बाद जेल प्रशासन को सतर्कता के साथ नियमित मॉनिटरिंग बनाए रखने के निर्देश दिए।

डीएम ने जेल प्रशासन को भोजन की गुणवत्ता व स्वच्छता के मानकों का विशेष ध्यान रखने और बंदियों को पौष्टिक व गुणवत्तायुक्त भोजन उपलब्ध कराए जाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जेल मैनुअल के अनुसार बंदियों को अनुबंध सुविधाओं को उपलब्ध कराए जाए।

महिला बैरक का भी निरीक्षण किया। निरुद्ध महिला कैदियों से संवाद कर उनके बच्चों को बिस्किट दिए। इस बैरक में बच्चों के लिए बनाई गई बाल वाटिका को अधिकारियों ने देखा। इस दौरान जेल अधीक्षक आशीष रंजन, क्षेत्राधिकारी सदर संजय कुमार रेड्डी, डिप्टी जेलर राजकुमार, गीता रानी सहित कारागार प्रशासन के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।