डीआईजी एस. चन्नप्पा ने सम्भाली कमान, उपद्रवियों और लापरवाही पर रहेगी पैनी नजर

गणेश धर द्विवेदी-

श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण व सुरक्षित संपन्न कराने के लिए देवरिया पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। शुक्रवार को गोरखपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक एस. चन्नप्पा खुद मैदान में उतरे। उन्होंने पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के साथ मिलकर थाना रुद्रपुर क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध दुग्धेश्वरनाथ मंदिर में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का बारीक जायजा लिया और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।

​मंदिर परिसर से बाजारों तक कड़ा पहरा

​निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने मंदिर परिसर, प्रवेश व निकास मार्गों, बैरिकेडिंग, पार्किंग, सीसीटीवी कैमरों, कंट्रोल प्वाइंट और पुलिस ड्यूटी का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

​सड़कों पर उतरी पुलिस फोर्स, लोगों से सीधा संवाद

​दुग्धेश्वरनाथ मंदिर का निरीक्षण करने के बाद डीआईजी और एसपी ने भारी पुलिस बल के साथ कस्बा रुद्रपुर तथा थाना गौरीबाजार क्षेत्र के प्रमुख मार्गों व व्यस्त बाजारों में पैदल गश्त की। इस दौरान अधिकारियों ने स्थानीय व्यापारियों और आम जनता से सीधा संवाद कर उन्हें पूर्ण सुरक्षा का भरोसा दिलाया।

​सख्त हिदायत : संदिग्धों पर रखें पैनी नजर

​डीआईजी एस. चन्नप्पा ने ऑन-ड्यूटी पुलिसकर्मियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि ​भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को हर हाल में सुचारू रखा जाए। ​संदिग्ध व्यक्तियों, लावारिस वस्तुओं और अराजक तत्वों पर चौबीसों घंटे पैनी नजर रखी जाए। ​श्रद्धालुओं को किसी भी स्तर पर असुविधा या परेशानी का सामना न करना पड़े। ​निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे वरिष्ठ अधिकारी

​इस फ्लैग मार्च और निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आनंद कुमार पांडेय, क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर सत्येंद्र कुमार राय, ई.ओ. नगर पंचायत रुद्रपुर नितेश गौरव, प्रभारी निरीक्षक रुद्रपुर कल्याण सिंह सागर और थानाध्यक्ष गौरीबाजार मृत्युंजय राय समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।