भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात बरामद, कई वारदातों का हुआ पर्दाफाश

गणेश धर द्विवेदी

थाना कोतवाली पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई से जिले में हुई कई चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए पुलिस तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में कामयाब हुई है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से भारी मात्रा में सोने-चांदी का आभूषण बरामद किया है।

बताया गया कि पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आनंद कुमार पांडेय तथा क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी के पर्यवेक्षण में संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर मालगोदाम के पास से संदीप गुप्ता उर्फ बुलबुल गुप्ता (20 वर्ष), अंकित गुप्ता (18 वर्ष) तथा पूनम गुप्ता (40 वर्ष) निवासी राघवनगर को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के 10 कंगन, तीन हार, पांच झुमके, दो माथा टीका, एक नथुनी मय लटकन, तीन अंगूठियां, एक चेन, दो नथिया और एक ओम लॉकेट सहित कई अन्य पीली धातु के आभूषण बरामद किए। इसके अलावा करधनी, पाजेब, पायल, बिछिया समेत अन्य सफेद धातु के जेवर भी बरामद हुए हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि संदीप गुप्ता और अंकित गुप्ता मिलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे और चोरी से प्राप्त धन व सामान को आपस में बराबर बांट लेते थे। आरोपियों ने बताया कि चोरी के जेवर बेचकर वे मौज-मस्ती करते थे।

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने छह और सात जून की रात भुजौली कॉलोनी स्थित बुद्ध विहार पार्क के पास एक बंद मकान में चोरी की थी। इसके अलावा रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के बरारी उर्फ मछरीगांव तथा कोतवाली क्षेत्र के सोंदा गांव में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।

पूछताछ के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपियों ने मदनपुर, भलुअनी और महुआडीह थाना क्षेत्रों में भी कई घरों में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। चोरी का कुछ सामान उन्होंने कम कीमत पर बेच दिया था।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी संदीप गुप्ता और अंकित गुप्ता के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। संदीप गुप्ता पर वर्ष 2021 से 2025 के बीच कुल 11 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि अंकित गुप्ता के खिलाफ पांच आपराधिक मामले दर्ज पाए गए हैं।

पुलिस की इस कामयाबी में थाना कोतवाली, एसओजी और सर्विलांस सेल के कुल 17 पुलिसकर्मियों की संयुक्त टीम शामिल रही। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से अन्य घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है और आगे और खुलासे होने की संभावना है। पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने घटना का खुलासा करने वाली टीम को दस हजार रुपए इनाम देने की घोषणा की है।