एसपी ने मोबाइल रिकवरी करने वाली सर्विलांस टीम को दिया पांच हजार रुपए का ईनाम, अपील : लोग साइबर सुरक्षा के बारे में जागरूक हों और किसी भी संदेहास्पद गतिविधि के बारे में तुरंत नजदीकी पुलिस या डायल 112 पुलिस को सूचित करें
गणेश धर द्विवेदी
देवरिया सर्विलांस सेल ने अनुमानित करीब 50 लाख रुपए की गुमशुदा मोबाइल बरामद कर कामयाबी हासिल की है। मीडिया से रूबरू एसपी अभिजित आर शंकर ने बताया कि सीईआईआर (CEIR) पोर्टल के माध्यम से ट्रैक कर सर्विलांस सेल गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी करने के लिए लगातार प्रयास किया जाता रहा, जिसके परिणामस्वरूप कुल 251 आवेदकों के गुमशुदा 251 मोबाईल फोन बरामद करने में कामयाबी मिली है। इसकी कीमत करीब 50 लाख बताई गई है। जिन्हें नियमानुसार कार्यवाही करते हुए बुधवार को संबन्धित आवेदकों को सुपुर्द किया गया। एसपी ने बताया कि इस कामयाबी को लेकर मोबाइल रिकवरी करने वाली सर्विलांस टीम को पांच हजार रुपए ईनाम के रुप में दी गई है।
एसपी ने कहा कि साइबर अपराध के मामले दिन-ब-दिन बढ़ रहे हैं और ऐसे अपराधों में शामिल होने व उनसे बचने के लिए नागरिकों को सतर्क रहना अत्यंत आवश्यक है। कहा कि साइबर अपराधी सोशल मीडिया, फर्जी कॉल्स, ई-मेल और ऑनलाइन ठगी जैसे विभिन्न माध्यमों से लोगों को ठगते हैं। एसपी ने सलाह दी कि लोग अपनी व्यक्तिगत जानकारी को कभी भी अनजान व्यक्तियों से साझा न करें और इंटरनेट का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतें।
विशेष रूप से मोबाइल ऐप्स और वेबसाइटों के जरिए होने वाले ऑनलाइन धोखाधड़ी पर ध्यान केंद्रित करते हुए नागरिकों को बताया कि वे किसी भी अनजानी लिंक या ऐप्स से दूर रहें। साथ ही, उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस विभाग द्वारा इस तरह के अपराधों को रोकने के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं और साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों के लिए एक हेल्पलाइन नंबर 1930 भी जारी किया गया है, जिस पर तत्काल अपनी शिकायत की जा सकती है।
एसपी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि लोग साइबर सुरक्षा के बारे में जागरूक हों और किसी भी संदेहास्पद गतिविधि के बारे में तुरंत नजदीकी पुलिस या डायल 112 पुलिस को सूचित करें।
