“तारीख पर तारीख, समस्या जस की तस” ऐसे कब तक चलेगा, गंदे पानी, बदबू और कचरे के बीच लोगों की चल रही है जिंदगी
गणेश धर द्विवेदी
डीएम साहब, आपका ध्यान देवरिया नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर जाना चाहिए, तब पता चलेगा कि नगरवासियों की पीड़ा क्या है। कहने के लिए साफ-सुथरी व्यवस्था, पर क्या वाकई है…?, इसके लिए आपको एक बार इधर का भी रूख करना पड़ेगा। तब पता चलेगा कि देवरिया नगर पालिका स्वच्छ भारत अभियान के प्रति कितनी संवेदशील है। सड़कों के किनारे और मुहल्लों में गंदे पानी, बदबू और कचरे के बीच कैसे लोगों की जिंदगी चल रही है।
नगर का एक मुहल्ला ऐसा है, जहां करीब डेढ़ वर्षों से घरों का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है, नालियां जाम पड़ी हैं। यहां हालत यह है कि गर्मी की तपीश में उठ रहे दुर्गंध से लोगां का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। हैरानी की बात तो यह है कि ऐसा नहीं है कि देवरिया नगर पालिका प्रशासन इससे बेखबर हो, सब खबर है, बावजूद इससे निजात दिलाने की कोई पहल नहीं की गई। ये लोग कहत हैं कि नगर पालिका प्रशासन केवल तारीख पर तारीख दे रहा है। अब सवाल यह उठता है कि आखिर यह सब कब तक चलेगा…?,
हम बात कर रहे हैं देवरिया सदर क्षेत्र के वार्ड नंबर-14, कटारी उमा नगर मुहल्ले की। यहां पर सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे और गंदगी को लेकर कईयों बार शिकायतें दर्ज कराई जा चुकी है। यही नहीं कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में डीएम दरबार में भी लोग इसकी अर्जी लगा चुके हैं, लेकिन लोगों का किया गया प्रयास सब बेकार गया। डीएम साहब, अब सवाल यह भी उठता है कि आखिर कार जाएं तो कहां जाएं…?
डीएम साहब, यह तो सिर्फ एक बानगी है, जब आप नगर के मुहल्लों की तरफ रूख करेंगे तो जमीनी हकीकत आपके सामने होगी और शहर की तस्वीर साफ हो जाएगी। खाली पड़ी जमीनें पर पड़े कूड़े-कचरों के ढेर मिल जाएंगे। इससे कम से कम इस बात का अंदाजा तो लगाया ही जा सकता है कि वहां से निकलती बदबू के बीच लोग कैसे जीवन जी रहे हैं। इससे यह तस्वीर तो साफ ही देखेगी कि क्या यही “स्वच्छ भारत अभियान” है।
वार्ड नंबर-14, कटारी उमा नगर निवासी चंद्रभूषण शुक्ला और अन्य लोगों ने बताया कि नप प्रशासन और जिला प्रशासन को प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की जानकारी दी गई है। लगभग 20 घरों का गंदा पानी सड़क पर बहने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बताया कि यहां पिछले एक वर्ष से सरकारी जमीन, पोखरी, रोड और खलिहान पर लगातार अवैध कब्जा किया जा रहा है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। बताया कि शिकायत में इस बात का भी उल्लेख किया गया है कि कई बार लेखपाल और कानूनगो द्वारा जमीन की नापी कराई गई, लेकिन कब्जाधारी लोग दोबारा अतिक्रमण कर लेते हैं। वार्डवासियों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है।
