सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी और रामपुर कारखाना के विधायक सुरेंद्र चौरसिया चौरसिया प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पहुंचे शिवानंद के पैतृक आवास सुरौली

गणेश धर द्विवेदी

ओमान के निकट वाणिज्यिक पोत पर हुए हमले में जान गंवाने वाले शिवानंद चौरसिया के परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से पांच लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि दी गई। शनिवार को सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी और रामपुर कारखाना के विधायक सुरेंद्र चौरसिया प्रशासनिक अधिकारियों के साथ शिवानंद के पैतृक आवास सुरौली पहुंचे और पांच लाख रुपए का चेक सौंपा। विधायकों ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हर संभव सहयोग का भरोसा जताया।

सदर विधायक डॉ, शलभ मणि त्रिपाठी ने शिवानंद से जुड़े दस्तावेजों और मर्चेंट नेवी कंपनी के बीमा संबंधी विवरण की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि परिवार को सभी सरकारी योजनाओं और सहायता का लाभ दिलाने के लिए प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित किया जा रहा है। विधायक ने केद्रीय जहाज रानी मंत्रालय द्वारा घोषित सहायता राशि के संबंध में भी आवश्यक कार्यवाही की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शिवानंद चौरसिया के ओमान में फंसे सामान, लगेज को वापस मंगाने के लिए संबंधित विभाग और कंपनी से पत्राचार किया गया है। साथ ही बीमा दावे की प्रक्रिया को जल्द पूरा करने के लिए प्रयास किया जा रहा है। ताकि परिवार को आर्थिक राहत मिल सके।

विधायक सुरेंद्र चौरसिया ने कहा कि शिवानंद चौरसिया ने विदेश रहकर अपने परिवार और देश के लिए कार्य किया। उनकी असामायिक मृत्यु पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने आश्वासन दिया की परिवार को न्याय और हर संभव सहायता दिलाने के लिए जनप्रतिनिधि और प्रशासन संवेदनशील के साथ कार्य कर रहे है।

गौर हो कि गत दिनों पूर्व ओमान तट के निकट एक व्यावसायिक पोत पर हुए अमेरिकी हमले में देवरिया जिले के सुरौली गांव निवासी भारतीय नाविक शिवानंद चौरसिया की मृत्यु हो गई थी। पारिवारिकजन के अनुसार करीब सात माह पूर्व वह नौकरी के सिलसिले में घर से गए थे। वह सिंगापुर के एक पोत पर नाविक के पद पर कार्यरत थे। उनका पोत होर्मुज क्षेत्र के निकट से गुजर रहा था तभी हमला हुआ था।