मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के तहत करीब 1.50 लाख छात्राओं के खातों में राशि भेजने की तैयारी
पटना : मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के तहत बिहार की स्नातक उत्तीर्ण छात्राओं को जल्द ही बड़ी सौगात मिलने वाली है। राज्य सरकार करीब डेढ़ लाख पात्र छात्राओं के बैंक खातों में 50-50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि हस्तांतरित करने की तैयारी में है। इस संबंध में उच्च शिक्षा विभाग ने आवश्यक वित्तीय स्वीकृति के लिए प्रस्ताव वित्त विभाग को भेज दिया है।
उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, दिसंबर 2025 तक स्नातक उत्तीर्ण छात्राओं का विवरण पोर्टल पर अपलोड करने और उसका सत्यापन पूरा कर लिया गया है। पात्र लाभार्थियों की सूची तैयार होने के बाद अब भुगतान की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा रहा है। वित्त विभाग से मंजूरी मिलते ही राशि सीधे छात्राओं के बैंक खातों में भेजी जाएगी।
विभागीय समीक्षा के दौरान कुछ आवेदनों और डाटा में तकनीकी त्रुटियां सामने आई हैं। ऐसे मामलों में संबंधित विश्वविद्यालयों को ऑनलाइन सुधार कराने का निर्देश दिया गया है, ताकि कोई भी पात्र छात्रा योजना के लाभ से वंचित न रह जाए।
उच्च शिक्षा निदेशक प्रो. एन.के. अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री बालिका (स्नातक) प्रोत्साहन योजना के तहत प्रत्येक पात्र छात्रा को 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान है। विभाग भुगतान प्रक्रिया को जल्द पूरा करने की दिशा में काम कर रहा है और सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद राशि लाभार्थियों के खातों में भेज दी जाएगी।
इस योजना के लिए बीएन मंडल विश्वविद्यालय, बीआरए बिहार विश्वविद्यालय, जयप्रकाश विश्वविद्यालय, ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, मुंगेर विश्वविद्यालय, पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय, पटना विश्वविद्यालय, पूर्णिया विश्वविद्यालय, तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय, वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय, मगध विश्वविद्यालय सहित राज्य के विभिन्न विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों ने छात्राओं का डाटा पोर्टल पर उपलब्ध कराया है। इसी आधार पर पात्र छात्राओं को योजना का लाभ दिया जाएगा।
